आईपीएल : मुंबई इंडियंस ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की, सनराइजर्स हैदराबाद को 4 विकेट से हराया
कमिंस ने रोहित को लौटाया
पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने वानखेड़े स्टेडियम में आईपीएल के 33 वें मुकाबले में हैदराबाद सनराइजर्स को 4 विकेट से हरा अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
मुंबई। पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने वानखेड़े स्टेडियम में आईपीएल के 33 वें मुकाबले में हैदराबाद सनराइजर्स को 4 विकेट से हरा अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इस जीत से मुंबई 7 मैचों में तीसरी जीत दर्ज कर 6 अंकों के साथ अंक तालिका में सातवें स्थान पर बरकरार है। वही सनराइजर्स हैदराबाद 7 मैचों में पांचवी हार के साथ 4 अंकों के साथ नौंवे स्थान पर है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट पर 162 रन बनाए। जवाब में मुंबई ने 18.1 ओवर में 6 विकेट पर 166 रन बना जीत दर्ज की।
कमिंस ने रोहित को लौटाया :
जीत का लक्ष्य लेकर उतरी मुंबई इंडियंस के लिए इम्पेक्ट प्लेयर रोहित शर्मा और रयान रिकल्टन ने पारी का आगाज किया। ओपनर्स ने 32 रन की साझेदारी निभाई। पैट कमिंस ने रोहित शर्मा को हेड के हाथों लपकवा मुंबई को पहला झटका दिया। रोहित ने 16 गेंद पर 3 छक्के लगा 26 रन बनाए।
रिकल्टन ने खेली धुंआधार पारी :
रिकल्टन और विल जैक्स ने दूसरे विकेट के लिए 37 रन बनाए। हर्षल पटेल ने रिकल्टन को हेड के हाथों कैच करवा मुंबई का स्कोर 2 विकेट पर 69 रन कर दिया। रिकल्टन ने 23 गेंदों पर 5 बाउंड्री की मदद से 31 रन बनाए। इसके बाद विल जैक्स और सूर्यकुमार यादव ने धुंआधार बल्लेबाजी करते हुए मुंबई के स्कोर बोर्ड को तेजी से गतिमान रखा।
जैक्स-सूर्या ने जोड़े 52 रन :
इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 4.5 ओवर में 52 रन की साझेदारी बनाई। कमिंस ने सूर्यकुमार यादव को जीशान अंसारी के हाथों लपकवा इस जोड़ी को जुदा दिया। सूर्यकुमार ने 15 गेंद पर 2 चौके और दो छक्के लगा 26 रनों का योगदान दिया। कमिंस ने अपने अगले ही ओवर में विल जैक्स (36) को आउट कर अपनी तीसरी सफलता हासिल की।

Comment List