कश्मीर में मंत्रिमंडल विस्तार : मंत्री बनने के लिए फोन-मैसेज करने वालों को उमर की दो टूक, बोले—दरवाजे पर भी न आएं
उमर कैबिनेट में किसकी एंट्री
जम्मू। कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को कहा कि उनके मंत्रिमंडल में फेरबदल और विस्तार अगले सप्ताह की शुरुआत में होगा। उन्होंने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात कर उनसे इसके लिए एक तारीख तय करने का अनुरोध किया है। उमर ने बताया कि उपराज्यपाल कुछ दिन पहले ही श्रीनगर लौटे हैं। उन्होंने उपराज्यपाल का हाल-चाल भी पूछा क्योंकि उनकी तबीयत ठीक नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने उपराज्यपाल के साथ कई मुद्दों पर चर्चा की, जिसमें मंत्रिमंडल में फेरबदल भी शामिल है। उन्होंने कहा, मैंने उनसे मंत्रिमंडल विस्तार के लिए समय मांगा है और अनुरोध किया है कि वे अगले सप्ताह के शुरुआती 2-3 दिनों में कोई समय तय कर दें।
उन्होंने कहा कि वह अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों से कुछ बदलाव करने के लिए कहेंगे और जैसे ही उपराज्यपाल समय तय कर देंगे, मंत्रिमंडल का विस्तार कर दिया जाएगा। उमर ने बताया कि मंत्रियों की सूची तैयार है और इसे नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला से सलाह-मशविरा करने के बाद अंतिम रूप दिया गया है। उन्होंने कहा, फारूक साहब या मेरे या किसी और के दरवाजे पर दस्तक देने की कोई जरूरत नहीं है। कौन मंत्री बनेगा, इसका फैसला लिया जा चुका है। उन्होंने पार्टी के साथियों से धैर्य रखने की अपील की। उन्होंने कहा, पहले ईश्वर तय करेगा और फिर हम तय करेंगे।
मुख्यमंत्री ने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि मंत्री बनने के इच्छुक लोगों की ओर से उन्हें बहुत सारे संदेश मिल रहे हैं उनसे संपर्क किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, कृपया मुझे व्हाट्सएप न भेजें। मुझे बहुत सारे व्हाट्सएप संदेश और लंबे-लंबे पत्र मिल रहे हैं। मैं न तो उनका बायो-डेटा देखता हूं और न ही उन्हें जानता हूं। फैसला लिया जा चुका है। कृपया मुझे व्हाट्सएप न भेजें और न ही फोन करें और न ही मेरे दरवाजे पर दस्तक दें। अगले 2-3 दिनों में मंत्रिमंडल में फेरबदल हो जाएगा।

Comment List