शादी के चार दिन बाद ही पति के साथ उठी अर्थी : सड़क हादसे में 13 साल के भतीजे की भी गई जान
धनराज और खुशबू की गत 16 मई को शादी हुई थी
अभी उसकी मेंहदी का रंग भी नहीं छूटा था कि काल के ग्रास ने दोनों पति-पत्नी को निगल लिया।
हरनावदाशाहजी। चार दिन पहले ही खुशबू हाथों में मेंहदी लगाए डोली में अपने पिया के घर आई थी। अभी उसकी मेंहदी का रंग भी नहीं छूटा था कि काल के ग्रास ने दोनों पति-पत्नी को निगल लिया। हादसे में नवविवाहित जोड़े की असमय मौत के समाचार से दोनों परिवारों के साथ पूरे गांव में मातम छा गया। अकलेरा मार्ग परवन पुलिया पर मंगलवार रात्री को हुए दर्दनाक हादसे में 13 साल के बच्चे की भी जान चली गई। जानकारी के अनुसार बारां जिले के सारथल इलाके के बाबड़ गांव निवासी धनराज और खुशबू की गत 16 मई को शादी हुई थी।
धनराज पत्नी खुशबू और 13 वर्षीय भतीजे सुमित के साथ बाइक से मनोहरथाना क्षेत्र के होडा के माताजी मंदिर दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद गांव लौटते समय परवन नदी पुलिया पर जीप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में धनराज और खुशबू तथा सुमित की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर के बाद बाइक के परखच्चे उड़ गए और आग लग गई। कुछ देर बाद ही बाइक जलकर खाक हो गई।

Comment List