पुलिस लाइन के सरकारी क्वार्टर में युवती से दुष्कर्म
पुलिसकर्मी के बेटे के खिलाफ मामला दर्ज
शादी का झांसा देकर युवती को फांसने के बाद उसके साथ एक युवक ने अपने पुलिसकर्मी पिता के पुलिस लाइन स्थित सरकारी क्वार्टर में एक बार नहीं, बल्कि कई बार दुष्कर्म किया।
भीलवाड़ा। शादी का झांसा देकर युवती को फांसने के बाद उसके साथ एक युवक ने अपने पुलिसकर्मी पिता के पुलिस लाइन स्थित सरकारी क्वार्टर में एक बार नहीं, बल्कि कई बार दुष्कर्म किया। आरोप है कि युवती के फोटो भी आरोपी ने खींच लिये और उसे बदनाम करने की धमकी तक दे डाली। इन आरोपों को लेकर पीड़ित युवती ने पुलिसकर्मी के बेटे के खिलाफ प्रताप नगर थाने में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करवाया है।
जानकारी के अनुसार प्रतापनगर थाने में पारोली थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने एक युवक के खिलाफ रिपोर्ट दी। पुलिस ने बताया कि युवती अभी यहां शहर में रहती है। युवती, युवक को पहले से जानती है। 2018 में एक दिन जब वह, खेत पर जा रही थी तभी युवक अचानक उसके सामने आया और कहा कि मैं आपको बहुत पसन्द करता हूं और शादी करना चाहता हूँ, लेकिन युवती ने उसे मना कर दिया। इसके बाद भी वह नही माना और लगातार 6 महिने तक वह, जहां भी जाती, उसका पीछा करता। युवती को शादी का झांसा देकर अपनी बातों के जाल में फंसाकर दोस्ती कर ली।
युवती के साथ के कई फोटो भी खींचे और इसके बाद जब वह स्कूल जाती तो रास्ते में रोकता और भीलवाड़ा घूमने जाने के लिए कहता। इसके बाद वह युवती को बाइक पर बैठाकर भीलवाड़ा पुलिस लाईन में इसके पिता के क्वार्टर पर ले गया और जबरदस्ती करने की कोशिश करता। मना करने पर भी वह नहीं मानता।
आरोप है कि युवक, जबरदस्ती युवती के साथ सेक्स करता। युवती का आरोप है कि युवक उसे कई बार भीलवाडा पुलिस लाईन के क्वार्टर पर लाया और इच्छा के विरूद्ध गलत काम करता। युवती ने उससे शादी के लिए पूछा तो वह दिसम्बर 2021 में भीलवाड़ा लाया और भीलवाड़ा कोर्ट में ले गया। युवती के नाम से एक स्टाम्प खरीदा और फिर उस पर शादी का हलफनामा बनवाया और फिर उसके बाद वह कागज भी उसने अपने पास रख लिया।
इसके बाद युवती को युवक ने कहा कि उसकी नौकरी लगने के बाद वह उसे अपने घर ले जायेगा। करीब 3- 4 महीने तक वही सिलसिला चालू रखा और आये दिन युवती को पुलिस लाईन भीलवाडा में उसके पिता के क्वार्टर पर लाता और उसके साथ गलत काम करता रहा। फिर उसने अचानक ही युवती से बात करना बन्द कर दिया। वह, फोन करती तो फोन नहीं उठाता।
उलाहना देने पर उसने नौकरी की तैयारी करने व एक साल तक डिस्टर्ब नहीं करने की बात युवती से कही। युवती ने सालभर उसे परेशान नहीं किया। हाल ही में युवती को पता चला कि युवक ने पहले ही किसी ओर से सगाई कर ली और जब वह उससे मिली और इस बात के लिये कहा तो वह भड़क गया और कहा कि मैं अब तुझे अपने साथ नही रख सकता।
हमारे बीच जो हुआ उसे भूल जा और अगर तुने मेरे खिलाफ कुछ भी करने की कोशिश की तो तेरे कई फोटो, लेटर व स्टाम्प मेरे पास पडे है मैं तुझे पूरे समाज में बदनाम कर दूंगा । आरोपी ने युवती से कहा कि उसके पिता भी पुलिस में है । हम तुझे व तेरे परिवार को ऐसे झूठे मुकदमें में फंसायेंगे कि तुम्हारा जीना दुभर हो जायेगा। उसने युवती को जान से मारने की भी धमकी दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

Comment List