ताजमहल के बाद आमेर में सबसे अधिक आते हैं विदेशी पावणे
जंतर-मंतर स्मारक पांचवें स्थान पर
2023-24 के दौरान 2,75,229 विदेशी पर्यटकों ने महल के विभिन्न हिस्सों को निहारा।
जयपुर। देश और प्रदेश के ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों पर हर साल लाखों की संख्या में घरेलू और विदेशी पर्यटक आते हैं। भारत में सबसे अधिक विदेशी पर्यटक भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग (एएसआई) के अधीन आने वाले आगरा के ताजमहल में आते हैं। साल 2023-24 के दौरान 6,81,339 विदेशी पर्यटकों ने मोहब्बत की निशानी कहे जाने वाले ताजमहल का दीदार किया।
इस संख्या के साथ ताजमहल देश में पहले पायदान पर है। अन्य ऐतिहासिक स्थलों की बात करें तो प्रदेश में पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के अधीन आने वाला आमेर महल विदेशी पर्यटकों की उपस्थिति के मामले में दूसरे स्थान पर आता है। यहां 2023-24 के दौरान 2,75,229 विदेशी पर्यटकों ने महल के विभिन्न हिस्सों को निहारा। दिल्ली स्थित कुतुब मीनार 2,20,017 विदेशी पर्यटकों के साथ तीसरे, आगरा का किला 2,18,144 पर्यटकों के साथ चौथे और 2,12,072 विदेशी पर्यटकों की आवक के साथ जंतर मंतर स्मारक (पुरातत्व विभाग) पांचवें स्थान पर है।
घरेलू पर्यटकों में आमेर का 5वां स्थान
देश के पर्यटन स्थलों पर घरेलू पर्यटकों की आवक की बात करें तो आमेर महल इस मामले में पांचवें स्थान पर है। एएसआई के अधीन आने वाले स्मारकों में 2023-24 में ताजमहल में 60,98,876, कोणार्क सूर्य मंदिर में 31,96,903, कुतुब मीनार में 31,23,643, लाल किला में 27,94,083 और प्रदेश में पुरातत्व विभाग के अधीन आने वाले आमेर महल में 18,40,765 घरेलू पर्यटकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
आमेर महल के अधीक्षक डॉ. राकेश छोलक ने बताया कि यहां पर्यटकों की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। यूनेस्को की वर्ल्ड हेरिटेज मॉन्यूमेंट्स की सूची में शामिल आमेर महल में हर साल लाखों की संख्या घरेलू और विदेशी आते हैं। साल 2023-24 में 18 लाख 40 हजार से अधिक घरेलू और 2 लाख 75 हजार से अधिक विदेशी पर्यटक आए हैं। इस पर्यटन सीजन में पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि की उम्मीद है।
राजस्थान एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स के प्रेसिडेंट महेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि जयपुर आने वाले घरेलू और विदेशी पर्यटकों की सबसे पहली प्राथमिकता आमेर महल देखने की होती है। यहां खासकर विदेशी पर्यटक हाथी सवारी करने में भी रूचि दिखाते हैं।
पर्यटन विशेषज्ञ संजय कौशिक ने कहा कि ऐतिहासिक किले, महल और स्मारकों में ताजमहल का नाम सबसे ऊपर आता है। यहां विदेशी पावणों की संख्या अधिक रहती है। वहीं हमारे लिए गौरव की बात है कि जयपुर का आमेर महल और जंतर-मंतर स्मारक भी विदेशी पर्यटकों की पसंद में शामिल है।

Comment List