कार गैराज पर हमला : पिता-पुत्र को लाठी-डंडों से पीटा, सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की तलाश
जयपुर में खौफ: कार गैराज पर 10-15 बदमाशों का जानलेवा हमला
जयपुर के विद्याधर नगर में कार टक्कर के मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। 10-15 बदमाशों ने गैराज मालिक दीपक सैनी और उनके बेटों पर लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें लहुलुहान कर दिया। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए हमलावरों की तलाश कर रही है।
जयपुर। विद्याधर नगर थाना क्षेत्र में मालरोड स्थित एक कार गैराज पर 10-15 बदमाशों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने गैराज मालिक दीपक सैनी और उनके बेटों राहुल व मनीष को लाठी-डंडों से जमकर पीटा। घटना के बाद भागते समय आरोपियों ने दोबारा आने और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित दीपक सैनी ने बताया कि सुबह करीब 10:15 बजे गैराज से कार निकालते समय ओवरस्पीड कार से टक्कर हो गई, जिस पर विवाद हुआ। कुछ देर बाद युवक अपने साथियों के साथ लौटा और हमला कर दिया। शोर सुनकर लोग पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने घायलों का मेडिकल करवा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

Comment List