पाठ्यक्रमों की एकरूपता एवं स्नातक में सेमेस्टर प्रणाली लागू करने के कुलाधिपति ने दिए निर्देश
सुरक्षा ऑडिट कराने के निर्देश दिए
जयपुर। राज्यपाल एवं कुलाधिपति कलराज मिश्र की अध्यक्षता में राजभवन में कुलपति समन्वय समिति की बैठक हुई। इसमें विश्वविद्यालयों में खाली पदों पर भी मंथन किया गया। राज्यपाल ने बैठक में नई शिक्षा नीति के अंतर्गत पूरे प्रदेश में उच्च शिक्षा के विभिन्न विषयों में पाठ्यक्रमों की एकरूपता एवं स्नातक स्तर पर सेमेस्टर प्रणाली लागू करने के लिए विश्वविद्यालयों को कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने विश्वविद्यालयों की ओर से विद्यार्थियों से संबंधित डेटा लीक को गंभीरता से लेते हुए इस संबंध में सुरक्षा ऑडिट कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि विश्वविद्यालयों में कुल सचिव एवं वित्त नियंत्रक के खाली पदों को राज्य सरकार स्तर पर नीति निर्धारित कर समय सीमा निश्चित करते हुए शीघ्र भरा जाए।
विश्वविद्यालयों में शोध की मौलिक संस्कृति विकसित हो
कुलाधिपति ने कहा कि विश्वविद्यालयों में प्राचीन एवं पारम्परिक ज्ञान को आधुनिक शिक्षा से जोड़ते हुए शोध की मौलिक संस्कृति विकसित की जाए। उन्होंने कुलपतियों से संवाद कर विश्वविद्यालय सामाजिक उत्तरदायित्व, वित्तीय प्रबंधन, स्नातक स्तर पर करिकुलम एण्ड ग्रेडेड फ्रेमवर्क लागू करने की तैयारी, सूचना प्रौद्योगिकी प्रणाली के सुदृढ़ीकरण, स्मार्ट यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट सिस्टम, ई-लाइब्रेरी लागू करने, एलुमिनाई सम्मेलनों के आयोजन, लम्बित पेंशन प्रकरणों के निस्तारण के विकल्पों, रिक्त पदों पर भर्ती सहित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया। शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला ने कहा कि राजकीय महाविद्यालयों को विकल्प के आधार पर नवीन विश्वविद्यालयों का संघटक कॉलेज बनाने में विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों दोनों का ही हित निहित है।

Comment List