दक्षिण कोरिया में राजस्थान के सुशासन मॉडल की गूंज, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास करेंगे वैश्विक मंच पर प्रतिनिधित्व
18 नवंबर को जारी करेंगे IIAS गवर्नेंस इंडेक्स
जयपुर। राजस्थान के मुख्य सचिव एवं इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एडमिनिस्ट्रेटिव साइंसेज (IIAS) के पहले भारतीय अध्यक्ष वी. श्रीनिवास 17 से 20 नवंबर तक दक्षिण कोरिया के सियोल दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भारत और राजस्थान के सुशासन मॉडल, प्रशासनिक नवाचारों तथा जनकेंद्रित शासन व्यवस्था को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करेंगे। दौरे के पहले दिन 17 नवंबर को श्रीनिवास IIAS की जनरल असेंबली और काउंसिल ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन की अध्यक्षता करेंगे। साथ ही एशियन एसोसिएशन फॉर पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन की बैठकों को भी संबोधित करेंगे। वे कोरिया, चीन, जापान, सिंगापुर, ग्रीस, लातविया और बहरीन के प्रतिनिधिमंडलों के साथ उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बैठकें करेंगे।
18 नवंबर को उनके नेतृत्व में IIAS गवर्नेंस इंडेक्स जारी किया जाएगा। इसके जरिए वैश्विक स्तर पर सुशासन की गुणवत्ता का आकलन होगा। वे IIAS-IISA 2026 अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को दक्षिण कोरिया की नेशनल असेंबली के स्पीकर और इंटीरियर मंत्री के साथ संबोधित करेंगे। 19 नवंबर को भारत के राजदूत से मुलाकात प्रस्तावित है, जबकि 20 नवंबर को सम्मेलन के समापन समारोह की अध्यक्षता करेंगे।

Comment List