सड़कों, गलियों, कॉलोनियों और नालियों की सफाई : आमजन को दिया स्वच्छता का संदेश, निगम का शहर में 10 दिन, 10 स्थान अभियान
आमजन को कचरा मुक्त शहर बनाने के लिए समझाइश
शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर निगम की ओर से चलाए जा रहे 10 दिन, 10 स्थान विशेष सघन सफाई अभियान को आमजन द्वारा भी व्यापक समर्थन मिल रहा। यह अभियान 31 दिसंबर तक निरंतर रूप से जारी रहेगा। निगम आयुक्त डॉ. गौरव सैनी के निर्देश पर शहर में सफाई व्यवस्था को सुधारने के लिए सभी जोनों में 10 दिन, 10 स्थान विशेष सघन सफाई अभियान चलाया जा रहा।
जयपुर। शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर निगम की ओर से चलाए जा रहे 10 दिन, 10 स्थान विशेष सघन सफाई अभियान को आमजन द्वारा भी व्यापक समर्थन मिल रहा है। यह अभियान 31 दिसंबर तक निरंतर रूप से जारी रहेगा। निगम आयुक्त डॉ. गौरव सैनी के निर्देश पर शहर में सफाई व्यवस्था को सुधारने के लिए सभी जोनों में 10 दिन, 10 स्थान विशेष सघन सफाई अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान जोन स्तर पर दस स्थानों को चिह्नित कर सफाई कराई जा रही है। इसके साथ ही आमजन को भी इस अभियान से जोड़ा जा रहा है जिसका निगम को व्यापक समर्थन मिल रहा है और आमजन को कचरा मुक्त शहर बनाने के लिए समझाइश की जा रही है।
सांगानेर जोन : वार्ड 52 से अभियान की मजबूत शुरुआत
सांगानेर जोन के वार्ड संख्या 52 में टोंक रोड से बैरवा कॉलोनी होते हुए संस्कृत स्कूल, 64 के चौराहे तक विशेष सफाई कराई गई। सड़क किनारे व सार्वजनिक स्थलों पर जमा कचरा हटाया गया। अभियान की सतत मॉनिटरिंग पीआईयू टीम की ओर से की गई।
मालवीय नगर जोन : बालाजी मोड़ से नंदपुरी पुलिया तक
मालवीय नगर जोन के वार्ड संख्या 73 में बालाजी मोड़ से नंदपुरी पुलिया तक सड़कों व फुटपाथों पर झाडू लगवाकर कचरा हाथगाड़ी व स्वच्छता रथ के माध्यम से उठाया गया। इस दौरान जोन उपायुक्त मुकुट चौधरी, स्वास्थ्य निरीक्षक संजय एवं पीआईयू टीम मौके पर मौजूद रही।
किशनपोल जोन : फ्रूट मंडी क्षेत्र में विशेष अभियान
किशनपोल जोन में फ्रूट मंडी शौचालय से दूल्हा हाउस तक पुराना वार्ड संख्या 73 व नवीन वार्ड संख्या 111 क्षेत्र में शौचालय के आसपास एवं मंडी क्षेत्र में जमा कचरा हटाया गया। जोन उपायुक्त विजेंद्र कुमार ने व्यापारियों व स्थानीय रहवासियों को खुले में कचरा नहीं डालने एवं स्वच्छता बनाए रखने की समझाइश दी।
हवामहल जोन : अयोध्या पथ रोड से फकीरों की डूंगरी तक सफाई
हवामहल जोन के पुराना वार्ड संख्या 21/22 नवीन वार्ड संख्या 148 में अयोध्या पथ रोड से फकीरों की डूंगरी तक विशेष सफाई अभियान चलाया गया। गलियों, सड़कों के साथ-साथ ब्लॉक नालियों की सफाई कर क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया गया।
सिविल लाइन जोन : मरुधर विहार कॉलोनी में विशेष सफाई
सिविल लाइन जोन के नवीन वार्ड संख्या 95 स्थित मरुधर विहार कॉलोनी में 10 दिन, 10 स्थान अभियान के तहत विशेष सफाई अभियान संचालित किया गया। कॉलोनी की सड़कों, सार्वजनिक स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सफाई कार्य कर क्षेत्र को स्वच्छ व सुव्यवस्थित बनाया गया।

Comment List