शराब कारोबारी के बेटे ने दी सूचना तीन बदमाश पिस्तौल दिखाकर लूट ले गए 75 लाख, ममेरा भाई सूटकेस में भरकर ले गया रुपए
कोई गिरफ्तारी भी नहीं की गई
पुलिस ने लूट की बताई रकम बरामद कर ली है। देर रात तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई, ऐसे में कोई गिरफ्तारी भी नहीं की गई।
जयपुर। विधायकपुरी थाने से महज 250 मीटर दूर स्थित गोपाल टावर के एक फ्लैट में शाम पांच बजकर 11 मिनट पर मिली 75 लाख रुपए लूट की सूचना से पुलिस में हड़कम्प मच गया। मौके पर पहुंचे डीसीपी दिगत आनंद ने पूरे शहर में ए श्रेणी की नाकाबंदी कराई और अन्य टीमों के साथ मिलकर मामले की जांच शुरू की। वारदात के शिकार नाबालिग से जानकारी जुटाने पर मामला संदेहास्पद लगा तो पुलिस ने तकनीकी सहायता ली। मात्र तीन घण्टे में ही अजीबो-गरीब तथ्य सामने आए, जिसे सुनकर पुलिस अधिकारी भी चौंक गए। खुलासा हुआ कि 75 लाख रुपए सूटकेस में भरकर छात्र का ममेरा भाई लेकर गया है। वह सीसीटीवी कैमरे में सूटकेस ले जाता हुआ दिख रहा है। टीम ने ममेरे भाई निर्माण नगर निवासी प्रिंस और पीड़ित छात्र को पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी। कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ ने बताया कि सूचना देने वाले और उसके ममेरे भाई को आलीशान लाइफ स्टाइल जीने का शौक है, इसके लिए उन्होंने झूठी लूट की कहानी रची। पुलिस ने लूट की बताई रकम बरामद कर ली है। देर रात तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई, ऐसे में कोई गिरफ्तारी भी नहीं की गई।
झूठ : पिता को किया फोन, तीन बदमाश लूट ले गए 75 लाख
गोपाल टावर में शराब और प्रॉपर्टी व्यवसायी का एक फ्लैट है। सोमवार शाम करीब पांच बजे फ्लैट में उनका बेटा अकेला ही था। उसने अपने पिता को फोन कर कहा कि पापा तीन बदमाश आए और उन्होंने पिस्तौल दिखाकर डराकर पहले दरवाजा खुलवाया और उसके बाद मेरी कनपटी पर पिस्तौल लगाकर जान से मारने की धमकी देकर मुझे कमरे में ले गए और 75 लाख रुपए सूटकेस में भर लिए। इसके बाद बालकनी से रुपयों से भरा सूटकेस नीचे फेंक दिया और कूदकर फरार हो गए।
सच: सीसीटीवी खंगाले तो ममेरा भाई सूटकेस में भरकर ले जा रहा था रुपए
पुलिस ने जानकारी जुटाई। सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले। कैमरे में शाम पांच बजे एक युवक बैग पीठ पर लटकाकर आता दिखाई दिया और 5:11 बजे लिफ्ट के पास ट्रॉली बैग और उसके ऊपर एक बैग रखकर जाता हुआ दिखाई दिया। वहीं पीड़ित लड़के की बातें भी संदेहास्पद लगी। पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसका ममेरा भाई प्रिंस रुपए लेकर गया है। एक अन्य टीम ने सीसीटीवी में कैद हुए युवक प्रिंस के निर्माण नगर स्थित घर दबिश दी तो पता चला कि वह सिंधी कैम्प पर है। टीम ने उसे सिंधी कैम्प से पकड़ लिया और उसके घर से पांच लाख रुपए बरामद कर लिए।
बहाना बनाकर घर में घुसा
वारदात मूलत: गंगानगर हाल गोपाल टावर निवासी शराब व्यवसायी के फ्लैट में हुई। यह गोपाल टावर भी उन्होंने ही बनाया है। प्रिंस ने अपने मामा को शाम 4:30 फोन कर कहा कि वह दोस्तों के साथ श्रीनगर घूमने जा रहा है। इसके लिए ट्रॉली सूटकेस की जरूरत है। तब उन्होंने फ्लैट से ट्रॉली सूटकेस लेकर आने के लिए कह दिया। प्रिंस कैब टैक्सी से पांच बजे फ्लैट पर पहुंच गया। लिफ्ट से चौथी मंजिल पर पहुंचा। इसके बाद लिफ्ट से ही सूटकेस लेकर वापस चला गया। पुलिस ने सूटकेस ले जाने वाले युवक की पहचान शराब कारोबारी और उसके बेटे से कराई तो प्रिंस का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने प्रिंस को पकड़ लिया। पुलिस पता कर रही है कि कहीं ममेरा भाई लड़के को ब्लैकमेल कर रुपए तो नहीं ले गया।

Comment List