चौमूं में मस्जिद के बाहर रेलिंग लगाने पर बवाल : पथराव में 6 पुलिसकर्मी घायल, आंसू गैस से किए हालात काबू
पुलिस निगरानी बनाए हुए है
हालात को देखते हुए कस्बे में 4 से अधिक थानों का पुलिस बल तैनात किया गया है और 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं।
जयपुर। जिले के चौमूं कस्बे में तड़के मस्जिद के बाहर रेलिंग लगाने को लेकर विवाद हिंसक हो गया। उपद्रवियों की ओर से पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हुए, जिसके बाद हालात नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा। घटना शुक्रवार सुबह करीब 3 बजे चौमूं बस स्टैंड के पास हुई। पथराव में घायल हुए 6 पुलिसकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालात को देखते हुए कस्बे में 4 से अधिक थानों का पुलिस बल तैनात किया गया है और 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं।
जानकारी के अनुसार विवाद मस्जिद के पास सड़क किनारे लगे पत्थरों को हटाने को लेकर था। गुरुवार शाम को समुदाय विशेष के प्रतिनिधियों और पुलिस प्रशासन के बीच बातचीत हुई थी, जिसमें पत्थर स्वयं हटाने पर सहमति बनी थी। पत्थर हटाने के बाद प्रशासन की अनुमति के बिना लोहे की रेलिंग लगाकर बाउंड्री का काम शुरू कर दिया गया। पुलिस ने जब काम रोकने को कहा, तो कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ते देख चौमूं, हरमाड़ा, विश्वकर्मा, दौलतपुरा सहित आसपास के थानों से अतिरिक्त बल बुलाया गया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। सुबह करीब 5 बजे जयपुर से वरिष्ठ अधिकारी अतिरिक्त फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। फिलहाल क्षेत्र में शांति है और पुलिस निगरानी बनाए हुए है।

Comment List