2 साल बनाम 5 साल पर बहस से पहले सदन में हंगामा : सत्ता-विपक्ष आमने-सामने, गतिरोध के चलते कार्यवाही स्थगित
प्रस्ताव की भाषा को लेकर तीखी नोकझोंक हुई
विधानसभा में कांग्रेस के पांच साल बनाम भजनलाल सरकार के दो साल पर प्रस्तावित चर्चा से पहले हंगामा हुआ। प्रस्ताव की भाषा को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष में तीखी नोकझोंक हुई। स्पीकर वासुदेव देवनानी ने कार्यवाही कई बार स्थगित की।
जयपुर। विधानसभा में कांग्रेस सरकार के पांच साल और भजनलाल शर्मा सरकार के दो साल के कार्यकाल पर प्रस्तावित चर्चा से पहले ही जोरदार हंगामा हो गया। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बहस के विषय और प्रस्ताव की भाषा को लेकर तीखी नोकझोंक हुई, जिसके चलते विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी को सदन की कार्यवाही आधे घंटे के लिए स्थगित करनी पड़ी। इसके बाद लगातार गतिरोध के चलते चार बार सदन कार्यवाही स्थगित की गई। बहस का प्रस्ताव बदलने या नहीं बदलने को लेकर अभी सदन में गतिरोध बरकरार है।
दरअसल, सत्ता पक्ष की ओर से सरकार के दो साल के कार्यों का प्रतिवेदन सदन में रखते हुए उसी पर चर्चा कराने का प्रस्ताव रखा गया था। विपक्ष ने इसका विरोध करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने पहले कांग्रेस सरकार के पांच साल बनाम भाजपा सरकार के दो साल पर बहस की बात कही थी। ऐसे में केवल दो साल के कार्यकाल पर चर्चा कराना उचित नहीं है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष और विधायक गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि जब मुख्यमंत्री खुद दो साल बनाम पांच साल पर बहस की बात कह चुके हैं तो अब प्रस्ताव में बदलाव किए बिना चर्चा कराना गलत है। उन्होंने विधानसभा की कार्यवाही का हवाला देते हुए कहा कि प्रस्ताव में संशोधन होना चाहिए।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि सरकार व्यापक चर्चा से बचना चाहती है। वहीं संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल और मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने स्पष्ट किया कि चर्चा दो साल बनाम पांच साल के मुद्दे पर ही होगी और विपक्ष अनावश्यक विवाद खड़ा कर रहा है। विपक्षी सदस्यों ने मसौदे में बदलाव की मांग करते हुए कहा कि मौजूदा प्रस्ताव के आधार पर बहस नहीं हो सकती। इसके जवाब में सत्ता पक्ष के मंत्रियों ने आरोप लगाया कि विपक्ष चर्चा से भाग रहा है। हंगामे के बीच दोनों पक्षों के सदस्य अपनी-अपनी सीटों से खड़े होकर नारेबाजी करने लगे। स्थिति बिगड़ती देख अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही आधे घंटे के लिए स्थगित कर दी।

Comment List