राजस्थान विधानसभा प्रश्नकाल : ऑनलाइन सट्टा और नशे पर अशोक चांदना ने सरकार को घेरा, सख्त कार्रवाई की मांग की
नशे के मुद्दे पर सरकार को कठघरे में खड़ा किया
विधानसभा चर्चा के दौरान कांग्रेस विधायक अशोक चांदना ने बढ़ते ऑनलाइन सट्टे और नशे पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि युवा बेरोजगारी, कर्ज और नशाखोरी के दुष्चक्र में फंस रहे हैं। चांदना ने अवैध सट्टेबाजी व सूदखोरी पर विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
जयपुर। विधानसभा में उद्योग, युवा एवं खेल विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान कांग्रेस विधायक अशोक चांदना ने राज्य में बढ़ते ऑनलाइन सट्टे और नशे के मुद्दे पर सरकार को कठघरे में खड़ा किया।
चांदना ने कहा कि प्रदेश का युवा वर्ग इस समय बेरोजगारी, नशाखोरी और ऑनलाइन सट्टेबाजी जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑनलाइन गेमिंग और सट्टा प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से युवाओं का आर्थिक शोषण हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र द्वारा ऑनलाइन सट्टे पर रोक लगाने की बात कही गई, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका प्रभाव दिखाई नहीं देता।
विधायक ने दावा किया कि सट्टे में पैसा गंवाने के बाद कई युवा नशे की ओर बढ़ रहे हैं और कर्ज के जाल में फंस रहे हैं। छोटे गांवों तक नशे का फैलाव चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि कई मामलों में अत्यधिक ब्याज पर उधार लेने की प्रवृत्ति बढ़ रही है, जिससे सामाजिक तनाव और आपराधिक घटनाएं भी सामने आ रही हैं।
चांदना ने मांग की कि सरकार विशेष अभियान चलाकर अवैध सट्टेबाजी और सूदखोरी पर प्रभावी कार्रवाई करे, ताकि युवाओं को इस दुष्चक्र से बचाया जा सके।

Comment List