1 दिसंबर से बिना पीयूसीसी नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल, दिल्ली-एनसीआर के पेट्रोल पंपों पर लगेंगे एएनपीआर कैमरे
362 पंपों पर कैमरे लगाने का वर्क ऑर्डर जारी
जयपुर। दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के जिलों में 1 दिसंबर से बिना प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (पीयूसीसी) वाले वाहनों को पेट्रोल-डीजल नहीं मिलेगा। इस व्यवस्था को लागू करने के लिए परिवहन विभाग ने सभी पेट्रोल पंपों पर ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन (एएनपीआर) कैमरे लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। विभाग की ओर से कुल 362 पेट्रोल पंपों पर कैमरे लगाने के लिए रेलटेल कॉरपोरेशन को वर्क ऑर्डर जारी किया गया है। कंपनी को नवंबर माह के अंत तक सभी पेट्रोल पंपों पर कैमरे लगाने का काम पूरा करना होगा।
इन कैमरों के जरिए पेट्रोल पंप पर आने वाले वाहनों की नंबर प्लेट स्कैन की जाएगी। इसके बाद वाहन के पीयूसीसी की स्थिति की पहचान होगी। जिन वाहनों के पास वैध पीयूसीसी नहीं होगा, उन्हें पेट्रोल-डीजल देने पर रोक रहेगी। हालांकि, इलेक्ट्रिक वाहनों को पीयूसीसी की अनिवार्यता से छूट है। वहीं पेट्रोल, डीजल और सीएनजी से चलने वाले नए वाहनों को खरीद के बाद एक साल तक पीयूसीसी से छूट मिलती है।

Comment List