फिजिक्सवाला कोचिंग के छात्र ने हॉस्टल में लगाया फंदा, बाथरूम की चौखट पर लटका मिला शव
ऑनलाइन कर रहा था इंजीनियरिंग की तैयारी
कोटा। कोचिंग सिटी में छात्रों की आत्महत्या का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जवाहर नगर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक नाबालिग छात्र ने हॉस्टल के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उत्तर प्रदेश निवासी छात्र गत करीब एक साल से कोटा में रहकर फिजिक्सवाला से ऑनलाइन जेईई की तैयारी कर रहा था। घटना का पता उस समय चला, जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला। हॉस्टल में मौजूद लोगों ने दरवाजा तोड़कर देखा तो छात्र बाथरूम के गेट की चौखट पर फंदे से लटका मिला। सूचना पर जवाहर नगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एमबीएस अस्पताल के पोस्टमॉर्टम रूम में रखवाया। एसएचओ मुकेश कुमार ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि 16 वर्षीय कोचिंग छात्र उप्र का रहने वाला था और यहां हॉस्टल में रह कर पिछले एक साल से फिजिक्सवाला कोचिंग संस्थान से आॅनलाइन कोचिंग कर रहा था। पुलिस ने छात्र के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिजनों के मंगलवार को कोटा पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य पहलुओं के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
दस माह में 11 कोचिंग स्टूडेंट की मौत :
कोचिंग स्टूडेंट की आत्महत्या और संदिग्ध मौत का सिलसिला लगातार बना हुआ है। जनवरी से अब तक 10 माह में 11 स्टूडेंट की मौत हो चुकी है। प्रतिमाह एक से ज्यादा स्टूडेंट की ईहलीला समाप्त हो रही है।
नहीं दिया जवाब :
मामले फिजिक्सवाला कोचिंग संस्थान के राजस्थान हैड दिनेश जैन से उनका पक्ष जानने के लिए फोन किया गया। फोन रिसीव न करने पर वाटसएप मैसेज दिया गया। मैसेज देखने के बाद भी उन्होंने अपना पक्ष नहीं रखा।

Comment List