पत्नी गई स्कूल, पति ने फंदा लगाकर की आत्महत्या
बोरखेड़ा थाना क्षेत्र का मामला
अभी तक आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला है।
कोटा। कोटा शहर में आत्महत्या के बढ़ते मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। वर्ष 2024 के प्रथम महीने में ही अब तक कई लोग फांसी का फंदा लगाकर अपनी जान दे चुके हैं। बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपने घर पर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बुधवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस को अभी तक आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला है। हैड कांस्टेबल हरीशंकर शर्मा ने बताया कि कृष्ण नगर बजरंग नगर निवासी शक्ति सिंह चौहान ससुराल के पास ही किराए से मकान लेकर पत्नी व बच्चों के साथ रहता था। पत्नी स्कूल में एलडीसी है और शक्ति सिंह एक निजी संस्थान में सैल्समैन था। दोनों बच्चों को रोज अपनी ससुराल में छोड़कर वह काम पर चले जाते थे और शाम को वहां से लेकर आते थे। मंगलवार को शक्ति सिंह की पत्नी बच्चों को पीहर में छोड़कर नौकरी पर चली गई। शाम को घर आई तो बच्चों ने कमरे में जाकर देखा पिता फंदे पर लटका हुआ था उन्होंने मां को बताया इसके बाद युवक की पत्नी ने उसे आनन-फानन में फंदे से उतारा और अपने पिता को बुलाया। उसे अस्पताल लेकर गए वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

Comment List