अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर कार्यशाला में प्लास्टिक प्रदूषण मुक्त अभियान का शुभारंभ
भारत जैव विविधता की दृष्टि से बहुत समृद्ध
कार्यशाला में आगामी विश्व पर्यावरण दिवस के दृष्टिगत विश्व स्तर पर प्लास्टिक प्रदूषण समाप्त करने के अभियान का भी शुभारंभ किया गया।
उदयपुर। वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, राष्ट्रीय जैव विविधता प्राधिकरण, वन विभाग एवं राजस्थान राज्य जैव विविधता बोर्ड के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय कार्यशाला उदयपुर स्थित रेडिसन ब्ल्यू में आयोजित हुई।
कार्यशाला में आगामी विश्व पर्यावरण दिवस के दृष्टिगत विश्व स्तर पर प्लास्टिक प्रदूषण समाप्त करने के अभियान का भी शुभारंभ किया गया। अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर वक्ताओं ने जैव विविधता का संरक्षण और संवर्द्धन करते हुए उसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए सामूहिक उत्तरदायित्व पर बल दिया। केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के सचिव तन्मय कुमार ने कहा कि भारत जैव विविधता की दृष्टि से समृद्ध है। यहां हजारों प्रजातियों के पेड़-पौधे तथा जीव-जन्तु पाए जाते हैं, जो पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत बनाए हुए हैं।
हमारा सामूहिक उत्तरदायित्व है कि हम इनका संरक्षण कर उन्हें आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष जैव विविधता दिवस की थीम प्रकृति से सांमजस्य एवं सतत विकास रखी गई है। इसी अवधारणा पर चलते हुए हमें जैव विविधता संरक्षण की दिशा में आगे बढ़ना है। उन्होंने कहा कि प्रकृति का दोहन आवश्यकताओं के लिए ही होना चाहिए, कभी न खत्म होने वाली इच्छाओं के लिए नहीं।

Comment List