सोना-चांदी छोड़िए, इंग्लैंड में चोर उड़ा ले गए 5 हजार चींटियां!
रातोंरात गायब हुआ पूरा घोंसला
इंग्लैंड। आमतौर पर चोरी की घटनाओं में सोना-चांदी या कीमती सामान निशाने पर रहता है, लेकिन ब्रिटेन में एक ऐसी चोरी हुई है, जिसने वन्यजीव संरक्षण से जुड़े विशेषज्ञों को चिंता में डाल दिया है। दक्षिणी डेवोन के च्यूडले नाइटन हीथ नेचर रिजर्व से दुर्लभ नैरो-हेडेड चींटियों का पूरा घोंसला ही चोरी कर लिया गया। यह इंग्लैंड में इस प्रजाति का आखिरी प्रमुख ठिकाना है। घटना सामने आने के बाद वन्यजीव संरक्षण संस्थान ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
डेवोन ट्रस्ट के मुताबिक, अक्टूबर के मध्य में शोधकर्ताओं को नियमित निरीक्षण के दौरान एक घोंसले की जगह जमीन में गहरा खाली हिस्सा दिखाई दिया। आसपास फावड़े के निशान भी मिले। इससे स्पष्ट हुआ कि किसी ने जानबूझकर घोंसला निकाल लिया है। एक घोंसले में 1,000 से 5,000 तक चींटियां और एक या अधिक रानी चींटियां रहती हैं। इन चींटियों की उम्र 25 साल तक हो सकती है।
सालों की मेहनत पर फिरा पानी
संरक्षण अधिकारियों के अनुसार, नैरो-हेडेड चींटियों की कॉलोनियां धीरे-धीरे विकसित होती हैं। ऐसे में एक परिपक्व घोंसले का नुकसान वर्षों के संरक्षण प्रयासों को पीछे धकेल सकता है। हालिया सर्वेक्षण में रिजर्व में इस प्रजाति के 142 सक्रिय घोंसले दर्ज किए गए थे। यह प्रजाति राष्ट्रीय स्तर पर दुर्लभ है और आईयूसीएन की रेड लिस्ट में निकट संकटग्रस्त श्रेणी में शामिल है। पिछले 100 वर्षों में प्राकृतिक आवासों के घटने से इसकी संख्या में भारी गिरावट आई है।

Comment List