पत्रकारों की समस्याओं का समाधान करना ही मकसद : गोपाल शर्मा
जयपुर शहर की सिविल लाइंस सीट से नव निर्वाचित विधायक गोपाल शर्मा ने कहा है कि प्रदेश के पत्रकारों की समस्याओं का समाधान और अपने क्षेत्र का विकास कराना ही उनका सबसे बड़ा मकसद है।
जयपुर। जयपुर शहर की सिविल लाइंस सीट से नव निर्वाचित विधायक गोपाल शर्मा ने कहा है कि प्रदेश के पत्रकारों की समस्याओं का समाधान और अपने क्षेत्र का विकास कराना ही उनका सबसे बड़ा मकसद है। वे पिंकसिटी प्रेस क्लब की ओर से आयोजित अपने अभिनंदन समारोह में बोल रहे थे।
कार्यक्रम में शर्मा ने कहा कि मैं राजनीतिज्ञ अब बना हूं, पत्रकार पहले से मेरे दिल में बसते हैं। प्रेस की सभी समस्याओं का समाधान करना अब मेरी गारंटी है। राज्य के निर्माण में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका को और मजबूत किया जाएगा। शर्मा ने कहा कि राजस्थान ने जयनारायण व्यास जैसे पत्रकार दिए, जिन्होंने बाद में राजनीति में भी राज्य का नाम रोशन किया। पत्रकारों ने देश निर्माण, राज्य निर्माण और समाज निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते कई राजनेताओं को दिशा दी है, लेकिन चुनाव प्रचार के दौरान जब उनकी पत्रकार के रूप में पहचान पर सवाल खडेÞ किए गए तो उनके अंदर का पत्रकार आहत हुआ। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को कम समझने वाले सिविल लाइंस के पूर्व कैबिनेट मंत्री को हराकर जनता ने जबाब दे दिया है। इसलिए सिविल लाइंस का विकास और प्रेस के साथियों की समस्याओं का निपटारा तेजी से कराया जाएगा।

Comment List