न दुकानदार, न सीसीटीवी... फिर भी नहीं होता सामान चोरी! ग्राहक खुद सामान उठाते हैं और पैसे बॉक्स में डालकर चले जाते हैं
नागालैंड की दुकानों में भरोसे का अनोखा कारोबार
कोहिमा। आज के दौर में जहां छोटी-छोटी दुकानों की सुरक्षा के लिए भी सीसीटीवी कैमरे और मजबूत ताले लगाए जाते हैं, वहीं नागालैंड में दुकानदारों के बिना चल रही दुकानें लोगों का ध्यान खींच रही हैं। यहां कई जगह दुकानें तो खुली मिलती हैं, सामान भी करीने से सजा होता है, लेकिन उसकी निगरानी के लिए कोई दुकानदार मौजूद नहीं रहता। इसके बावजूद ग्राहक अपनी जरूरत का सामान उठाते हैं और निर्धारित बॉक्स में उसकी कीमत डालकर चले जाते हैं।
भरोसे पर चलता है पूरा कारोबार
नागालैंड की इन दुकानों का तरीका किसी को भी हैरान कर सकता है। यहां न सामान बेचने के लिए कोई कर्मचारी है और न ही हर ग्राहक पर नजर रखने के लिए कैमरे। ग्राहक खुद सामान चुनते हैं, उसकी कीमत देखते हैं और ईमानदारी से पैसे बॉक्स में जमा कर देते हैं। इस व्यवस्था में दुकानदार का भरोसा ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।
सोशल मीडिया पर हो रही चर्चा
इन दुकानों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग नागालैंड की इस व्यवस्था की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स इसे आज के दौर का 'रामराज्य' बता रहे हैं। दरअसल, यहां की सामुदायिक परंपराओं और आपसी विश्वास को इस व्यवस्था की बड़ी वजह माना जा रहा है। जहां बड़े शहरों में चोरी रोकने के लिए तकनीक का सहारा लेना पड़ता है, वहीं नागालैंड की ये दुकानें एक अलग ही तस्वीर पेश करती हैं। इनका संदेश साफ है कि कारोबार सिर्फ पैसों से नहीं, बल्कि भरोसे और ईमानदारी से भी चलता है।

Comment List