जयराम रमेश ने केंद्र सरकार को घेरा, बोले- भाजपा का पर्दे के पीछे का खेल जानना चाहती है देश की आवाम
परिसीमन के फॉर्मूले को सार्वजनिक करने की जयराम रमेश ने की मांग
नई दिल्ली। कांग्रेस ने कहा है कि केंद्र सरकार का जो खेल संसद और परिसीमन को लेकर पर्दे के पीछे चल रहा है, देश की जनता उसे जानना चाहती है। कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने सोमवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि अब तक देश को पता चल जाना चाहिए था कि यदि संसद का शीतकालीन सत्र होना है तो देश उसके बारे में जानना चाहता है। उन्होंने कहा कि मानसून सत्र, जिसका अभी तक सत्रावसान नहीं हुआ है, उसे कब फिर से बुलाया जाएगा, यह भी अब तक स्पष्ट हो जाना चाहिए था। इसके साथ ही लोकसभा में दो- तिहाई बहुमत जुटाने के लिए हताश प्रयासों को देखने के बाद देश यह जानने का हकदार है कि परिसीमन को लेकर यदि वे किसी फार्मूले पर काम कर रहे हैं ताे उनका क्या फार्मूला है।
रमेश ने यह भी कहा कि लगातार बना हुआ रहस्य संकेत करता है कि केंद्र सरकार अपने ही दावों में फंस गई है या फिर कोई बेहद खतरनाक योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा, केंद्र सरकार 'जीटीए' (ज्ञानेश थेफ्ट अरेंजर्स) मामले में पूरी तरह बेनकाब हो चुकी हैं। दुर्भाग्य से, पहले ही बुरी तरह चोटिल संसदीय संस्था को इस जोड़ी के कदमों से और कमजोर किया जा रहा है।

Comment List