जनता की एकजुटता से भाजपा ने तुगलकी फरमान वापस लिया : सौरभ भारद्वाज ने कहा- तुगलकी फरमान पहली बार नहीं जारी हुआ है
सरकार को मजबूरी में अपना निर्णय वापस लेना पड़ा
आम आदमी पार्टी (आप) ने कहा है कि दिल्ली की जनता ने अपनी एकजुटता के जरिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के कई तुगलकी फरमानों को वापस लेने के लिए मजबूर किया है
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) ने कहा है कि दिल्ली की जनता ने अपनी एकजुटता के जरिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के कई तुगलकी फरमानों को वापस लेने के लिए मजबूर किया है। दिल्ली आप अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने शुक्रवार को दिल्ली की जनता को बधाई देते हुए कहा कि राजधानी की जनता ने अपनी एकजुटता के जरिए भाजपा सरकार के कई तुगलकी फरमानों को वापस लेने के लिए मजबूर किया है। पुरानी गाड़ियों को पेट्रोल पंपों पर ईंधन देने पर जब रोक लगाने की बात कही जा रही थी, तब भाजपा सरकार के मंत्री उछल-उछल कर कह रहे थे कि किसी पुराने वाहन को छोड़ा नहीं जायेगा। पेट्रोल पंपों पर पुरानी गाड़ियों को जब्त करने के लिए 400 टीमें लगाई जाएंगी और तब भाजपा पूरी तरह चुप थी। दिल्ली सरकार के इस तुगलकी फरमान का सिर्फ दिल्ली की आम जनता और आम आदमी पार्टी विरोध कर रही थी। आप ने एक जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाते हुए लगातार इस आदेश का विरोध किया। सरकार को मजबूरी में अपना निर्णय वापस लेना पड़ा।
आप नेता ने कहा कि यह तुगलकी फरमान पहली बार नहीं जारी हुआ है। इससे पहले भाजपा ने सरकार बनते ही थ्री व्हीलर के लिए तुगलकी फरमान जारी किया था। उस फरमान में कहा गया था कि अब जो भी नया थ्री व्हीलर आएगा, इलेक्ट्रिक व्हीकल ही होगा। साथ ही सरकार ने थ्री व्हीलर की कुछ उम्र भी तय कर दी थी। सरकार का उद्देश्य उस उम्र को पूरी करने वाले थ्री व्हीलरों को खत्म करके इलेक्ट्रिक थ्री व्हीलर खरीदने के लिए मजबूर करना था। ऑटो चालकों ने इस फरमान का विरोध किया और सरकार को इसे वापस लेना पड़ा। अब दिल्ली की जनता ने विरोध किया तो सरकार ने यू-टर्न लेते हुए पुरानी गाड़ियों को ईंधन न देने का तुगलकी फरमान वापस ले लिया।

Comment List