नफरत फैलाने वाले ही देश के असली दुश्मन
कांग्रेस लोकतांत्रिक पार्टी, इसमें कार्यकर्ता सर्वोपरि
कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालजी भाई देसाई ने कहा कि हम भाजपा नहीं है, जहां पर केवल एक व्यक्ति के इशारे पर सब कुछ चलता है।
ब्यावर। कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालजी भाई देसाई ने कहा कि हम भाजपा नहीं है, जहां पर केवल एक व्यक्ति के इशारे पर सब कुछ चलता है। यह कांग्रेस पार्टी है, जहां पर कार्यकर्ताओं को तरजीह दी जाती है। कांग्रेस लोकतांत्रिक पार्टी है जिसमें ऊपर से लेकर नीचे तक का प्रत्येक व्यक्ति कार्यकर्ता कहलाता है। चाहे वह सोनिया गांधी, राहुल गाधी हो या फिर अशोक गहलोत, सचिन पायलट। देसाई बुधवार को आजादी की गौरव यात्रा के ब्यावर आगमन पर स्वागत कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन में सब एक समान है। अलग-अलग प्रतिनिधित्व को गुटबाजी कहे जाने पर उन्होंने कहा कि गुटबाजी देखनी हो तो राजस्थान भाजपा में देखो। यहां पर पूर्व सीएम तथा वर्तमान मुखिया में जो चल रहा है वह किसी से छिपा नहीं है। देसाई ने कहा कि गौरव यात्रा के मार्ग में छोटे से छोटे कांग्रेस कार्यकर्ता ने शामिल होकर अपना सहयोग प्रदान किया। देसाई ने प्रदेश के हालात पर बोलते हुए कहा कि आज देश में नफरत फैलाई जा रही है। एक दूसरे को बांटने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि देश की आजादी के लिए जो सपना गांधी, चंद्रशेखर तथा भगतसिंह ने देखा था उसे साकार करने का वक्त आ गया है। कांग्रेस सेवादल की गौरव यात्रा भी इसी आंदोलन का एक हिस्सा है। देसाई ने धर्म की आड़ लेकर राजनीति करने वालों पर प्रहार करते हुए कहा कि जो इस देश में नफरत फैला रहे हैं वे इस देश के असली दुश्मन है। मगर कांग्रेस इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।
Comment List