राजस्थान के 66.59 लाख किसानों के खातों में पहुंचे 1,335 करोड़, पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी
देश के 9.34 करोड़ किसानों को मिले 18,690 करोड़
जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी की। इसके तहत देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,690 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की गई। राजस्थान के 66 लाख 59 हजार से अधिक किसान परिवारों को 1,335 करोड़ रुपए से अधिक का लाभ मिला। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। उन्होंने कहा कि अन्नदाताओं की खुशहाली से ही देश की समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों के कल्याण और सशक्तीकरण को प्राथमिकता दी है। वर्ष 2013-14 की तुलना में कृषि बजट पांच गुना से अधिक बढ़ाया गया है। पिछले 12 वर्षों में किसानों को विभिन्न योजनाओं और बचत के माध्यम से 50 लाख करोड़ रुपये का लाभ मिला है।
पीएम किसान सम्मान निधि के तहत अब तक साढ़े चार लाख करोड़ रुपए से अधिक किसानों के खातों में पहुंच चुके हैं। उन्होंने बताया कि एमएसपी के तहत गेहूं और धान किसानों को 24 लाख करोड़ रुपये तथा फसल बीमा योजना में 2 लाख करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया है। राजस्थान के किसानों को अब तक 23 किस्तों में 29,099 करोड़ रुपए से अधिक मिल चुके हैं।

Comment List