निकाय चुनाव : भाजपा में टिकटों पर मंथन तेज, वार्डवार फीडबैक के आधार पर तय होंगे उम्मीदवार
संभावित प्रत्याशियों की जीत की क्षमता को लेकर लगातार बैठकें
जयपुर। भाजपा मुख्यालय में आगामी निकाय चुनाव को लेकर टिकट वितरण की कवायद तेज हो गई है। पार्टी स्तर पर वार्डवार फीडबैक, स्थानीय संगठन की राय और संभावित प्रत्याशियों की जीत की क्षमता को लेकर लगातार बैठकें की जा रही हैं। इसी क्रम में भरतपुर संभाग के निकायों में टिकटों को लेकर मंथन शुरू हो गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ की मौजूदगी में संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की जा रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रत्येक वार्ड में संभावित प्रत्याशियों की राजनीतिक और सामाजिक सक्रियता, स्थानीय स्तर पर पकड़ तथा जनता के बीच उनकी स्वीकार्यता का आकलन किया जा रहा है।
इसके साथ ही संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मिले फीडबैक को भी टिकट चयन में महत्वपूर्ण आधार बनाया जा रहा है। भाजपा पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि टिकट वितरण में मेरिट, साफ छवि, संगठनात्मक सक्रियता और जीतने की क्षमता को प्राथमिकता दी जाएगी। व्यक्तिगत सिफारिशों को टिकट का आधार नहीं बनाया जाएगा। पार्टी का प्रयास है कि मजबूत और जिताऊ उम्मीदवारों को मैदान में उतारकर निकाय चुनाव में बेहतर प्रदर्शन किया जाए।

Comment List