मुख्य सचिव ने नगरीय निकायों की 100 दिवसीय कार्ययोजना की समीक्षा की, व्यापार मंडलों को पुरस्कृत करने के निर्देश
दीपावली से पहले चमकेंगे शहर, जगमगाएंगे बाजार
जयपुर। दीपावली से पहले प्रदेश के शहरों को स्वच्छ, सुंदर और रोशनी से जगमगाने की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशों के तहत मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शनिवार को जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) में नगरीय निकायों की 100 दिवसीय कार्ययोजना और दीपावली तैयारियों की राज्यस्तरीय समीक्षा की। उन्होंने सफाई, सौंदर्यीकरण, बाजारों की सजावट और अग्निशमन व्यवस्थाओं को समय पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए।बैठक से पहले मुख्य सचिव ने जेडीए में आयोजित सेवा सेतु शिविर का अवलोकन किया और लाभार्थियों को पट्टे वितरित किए। समीक्षा बैठक में जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन, स्वायत्त शासन विभाग के सचिव रवि जैन, नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा और जेडीए सचिव डॉ. गौरव सैनी सहित अधिकारी मौजूद रहे। अन्य नगरीय निकायों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े।
मुख्य सचिव ने कहा कि 100 दिवसीय कार्ययोजना के सभी लक्ष्यों को निर्धारित समय में पूरा किया जाए। कार्यों की प्रगति की नियमित निगरानी के साथ तकनीक का उपयोग किया जाए। सफाई और सुधार कार्यों के पहले और बाद के दिनांकयुक्त जियो-टैग फोटो तथा संबंधित रिकॉर्ड पोर्टल पर अपलोड किए जाएं।जगमगाते बाजारों को मिलेगा प्रोत्साहन : दीपावली पर बाजारों और प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में आकर्षक रोशनी व सजावट को प्रोत्साहित किया जाएगा। बेहतर व्यवस्था करने वाले व्यापार मंडलों को पुरस्कृत करने के लिए कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके अलावा सार्वजनिक स्थलों की सफाई, शहरों के सौंदर्यीकरण और प्रकाश व्यवस्था पर जोर दिया गया।
मुख्य सचिव ने अन्नपूर्णा रसोइयों का नियमित निरीक्षण करने तथा अग्निशमन प्रणालियों और उपकरणों का रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों से अपने कार्यालयों से स्वच्छता अभियान शुरू कर पूरे शहर में स्वच्छता का संदेश पहुंचाने को कहा।

Comment List