ठाट-बाट से निकली गणगौर की सवारी
पद्मनाभ सिंह ने त्रिपोलिया गेट पर गणगौर माता की उतारी आरती
देवस्थान मंत्री शकुंतला रावत, आरटीडीसी के चेयरमैन धर्मेन्द राठौड़ सहित अन्य गणमान्यों ने भी गणगौर की सवारी को देखा।
नवज्योति, जयपुर। सुर्ख लाल की रंग की पोशाक धारण कर सजी-धजी गणगौर माता की सवारी के दर्शन करने के लिए शहर में लोगों का हुजुम उमड़ पड़ा। पूर्व राजपरिवार के मुखिया पद्मनाभ सिंह ने त्रिपोलिया गेट पर गणगौर माता की आरती उतारकर आशीर्वाद लिया। देवस्थान मंत्री शकुंतला रावत, आरटीडीसी के चेयरमैन धर्मेन्द राठौड़ सहित अन्य गणमान्यों ने भी गणगौर की सवारी को देखा।
गणगौर माता के दर्शन कर लोगों ने जयकारे लगाकर माहौल में जोश भर दिया। सबसे आगे हाथी पर पूर्व राजपरिवार का पचरंगा निशान थामे सेवक चल रहे थे। हाथी, घोड़े, ऊंटगाड़ी, बैलगाड़ी, बग्घी, हैरतअंगेज करतब दिखाने वाले, बैण्डबाजा, अलगोजा वादक, कच्ची घोड़ी, कालबेलियां और गैर नृत्य करते लोक कलाकारों के साथ देशी-विदेशी सैलानियों ने जमकर डांस किया। बहरूपिया कलाकार जोकर, बंदर आदि रूप में करतब दिखाते हुए चल रहे थे। पारंपरिक तोप धारक वाहन के साथ सजे हुए रथ भी शोभायात्रा का हिस्सा बने। पर्यटकों ने रियासतकालीन शोभायात्रा के नजारों को अपने मोबाइल में कैद किया। मार्ग में जिधर से भी शोभायात्रा निकली, वहीं छतों पर लोगों का हुजूम घंटों से इंतजार करता मिला। लोगों ने पुष्प वर्षा कर गणगौर माता से आशीर्वाद मांगा। गणगौर की सवारी के अंत में ढालधारी चौबदार और पारंपरिक वेशभूषा में महिलाएं शामिल थी। तालकटोरा पहुंचकर शोभायात्रा संपन्न हुई। शनिवार को बूढ़ी गणगौर की शोभायात्रा निकलेगी।

Comment List