शिक्षा विभाग की वेबसाइट हैक : पाकिस्तान साइबर फोर्स ने किया हैक, वेबसाइट का मूल कंटेंट गायब
पाकिस्तान के रिश्ते में गिरावट देखने को मिल रही है
वेबसाइट खोलने पर एक पोस्टर दिखाई दे रहा है, जिसमें लिखा हुआ है कि पहलगाम अटैक भारत सरकार द्वारा रची हुई एक साजिश है।
जयपुर। राजस्थान शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट को कथित तौर पर पाकिस्तानी हैकरों ने हैक कर लिया। मंगलवार सुबह जब उपयोगकर्ताओं ने वेबसाइट खोलने का प्रयास किया, तो वहां "फैंटास्टिक टी क्लब" और पाकिस्तान साइबर फोर्स लिखा संदेश दिखाई दिया, जिससे हड़कंप मच गया। सूत्रों के अनुसार हैकिंग की यह घटना देर रात हुई, जब अधिकतर लोग ऑनलाइन नहीं थे। वेबसाइट का मूल कंटेंट गायब हो चुका है और उसकी जगह अज्ञात समूह द्वारा छोड़ा गया संदेश प्रदर्शित हो रहा है। प्रथमदृष्टिया यह आशंका जताई जा रही है कि यह साइबर हमला पाकिस्तान से संचालित किसी हैकर समूह द्वारा किया गया है। वेबसाइट खोलने पर एक पोस्टर दिखाई दे रहा है, जिसमें लिखा हुआ है कि पहलगाम अटैक भारत सरकार द्वारा रची हुई एक साजिश है।
हाल ही में पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों ने कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला कर 26 टूरिस्ट को जान से मार दिया था। इसके बाद से ही भारत और पाकिस्तान के रिश्ते में गिरावट देखने को मिल रही है।
शिक्षा विभाग की वेबसाइट को खोलने पर पाकिस्तान साइबर फोर्स लिखा हुआ आ रहा है। सरकार से संगठन का आग्रह है कि तुरंत साइट को रिकवर करना चाहिए।
- विपिन प्रकाश शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष, राजस्थान प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ
शिक्षा विभाग की आईटी विंग को सक्रिय कर दिया गया है। वर्तमान में वेबसाइट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है और रिकवरी का कार्य तेजी से जारी है। विभाग ने साइबर सुरक्षा एजेंसियों को इस घटना की जानकारी दे दी है और जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि अब तक किसी डेटा के लीक होने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सभी सिस्टम की गहन जांच की जा रही है।
- शिक्षा मंत्री मदन दिलावर

Comment List