आज और कल प्रदेश में दिखेगा चक्रवाती तूफान अर्नब का असर, जानें आने वाले दिनों में कैसा होगा मौसम
मेघगर्जन के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना
जयपुर। बंगाल की खाड़ी में बना अति भीषण चक्रवाती तूफान अर्नब आंध्रप्रदेश व तेलंगाना के तटों पर टूट पड़ा है। अब वह धीरे-धीरे उत्तर दिशा की ओर आगे बढ़कर कमजोर हो गया है। इसके प्रभाव से राज्य में पूर्वी हवाएं सक्रिय होने और 29-30 अक्टूबर को एक पश्चिमी विक्षोभ के भी सक्रिय होने की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग केन्द्र जयपुर से मिली जानकारी के अनुसार, पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर संभाग के कुछ भागों में इस दौरान बादल छाए रहने व कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही, हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान जयपुर व भरतपुर संभाग के उत्तरी भागों में मध्यम से तेज बारिश व कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की भी संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के पूर्वी भागों में भी इन दो दिनों में बारिश हो सकती है। वहीं 31 अक्टूबर को भी पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है।
सुबह शाम तेज हुआ ठंड का असर :
जयपुर सहित कई जिलों में चक्रवात का असर बुधवार को भी देखने को मिला। देर रात से ही मौसम में ठंडक बढ़ गई और सुबह अचानक सर्दी का असर आम दिनों के मुकाबले तेज हो गया। जयपुर में अधिकतम तापमान घटकर 31.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री दर्ज किया गया। माउंट आबू में भी सर्दी का असर बढ़ने लगा है। यहां बीती रात न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री दर्ज किया गया।

Comment List