विश्वविद्यालयों को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप कोर्स विकसित करने के निर्देश, उत्कृष्टता केंद्र बनाने पर जोर
पाठ्यक्रम विकसित करने के निर्देश
जयपुर। राज्यपाल एवं कुलाधिपति हरिभाऊ बागडे ने प्रदेश के विश्वविद्यालयों को शोध और नवाचार को बढ़ावा देते हुए उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप पाठ्यक्रम विकसित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों को उद्यम और अकादमिक जगत के बीच समन्वय स्थापित कर उत्कृष्टता के केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। राज्यपाल शुक्रवार को लोकभवन में वित्तपोषित विश्वविद्यालयों की विशेष समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान के तहत भवन निर्माण और मरम्मत कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण एजेंसियों की समीक्षा और अधिकारियों को नियमित भौतिक निरीक्षण करने को कहा। बागडे ने विश्वविद्यालयों में देश-विदेश के विषय विशेषज्ञों के ऑनलाइन व्याख्यान आयोजित करने तथा विद्यार्थियों को कौशल विकास गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया।
उन्होंने नीमराना स्थित रैफल्स यूनिवर्सिटी के उद्योग आधारित शिक्षा मॉडल को अपनाने का सुझाव दिया। उप मुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री प्रेमचंद बैरवा ने अनुदान राशि का पारदर्शिता से उपयोग करने की बात कही। अतिरिक्त मुख्य सचिव कुलदीप रांका ने बताया कि प्रदेश में उच्च शिक्षा में नामांकन 25 प्रतिशत बढ़ाने का लक्ष्य है। पिछले दो वर्षों में 76 नए कॉलेज खोले गए हैं। बैठक में विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलगुरु और अधिकारी मौजूद रहे।

Comment List