कार्य योजना के अनुरूप लक्ष्यों की शीघ्र प्राप्ति के लिए करें सार्थक प्रयास: मुख्य आयुक्त
बैठक में सुरपुर ने अधिकारियों को कर संग्रहण में संवेदनशीलता और तत्परता बरतने के निर्देश दिए
जयपुर। मुख्य आयुक्त रवि कुमार सुरपुर की अध्यक्षता में आज वाणिज्यिक कर विभाग के सभी अधिकारियों की समीक्षा बैठक का आयोजन मुख्यालय में किया गया। बैठक में सुरपुर ने अधिकारियों को कर संग्रहण में संवेदनशीलता और तत्परता बरतने के निर्देश दिए।
मुख्य आयुक्त ने कहा कि लक्ष्यों के अनुरूप कार्ययोजना पर शाीघ्रता से अमल होना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को रिटर्न फाइलिंग बढ़ाने और अपील के मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश भी दिए। उन्होंने बैठक में वित्तीय वर्ष के आखिरी महीनों में बकाया राजस्व संग्रहण में कोताही नहीं बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने विभाग के अधिकारियों से फेक टेक्सपेयर्स को चिन्हित करने एवं सर्वे की कार्यवाही आदि की समीक्षा भी की। सुरपुर ने कहा कि राज्य सरकार व्यवहारियों एवं करदाताओं को अधिकाधिक लाभ उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है इसके लिए सभी अधिकारी विभागीय गतिविधियों को सहजता एवं सरलता के साथ सेवाओं को प्रदान करें। उन्होंने बैठक में वी.सी. के माध्यम से सभी फील्ड अधिकारियों को राजकार्य में निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ करने के लिए निर्देशित किया। बैठक में विभाग के अतिरिक्त आयुक्त के.के.सिंह एवं रिषभ मंडल भी शामिल थे।

Comment List