भारी वाहनों से हादसे रोकने की तैयारी, जयपुर आरटीओ द्वितीय क्षेत्र में बनेंगे नो-एंट्री जोन
टोडी मोड़ से 14 नंबर तक भारी वाहनों की आवाजाही पर लगेगी रोक
जयपुर। राजधानी में भारी वाहनों से होने वाले हादसों पर अंकुश लगाने के लिए कवायद शुरू कर दी है। हरमाड़ा, 200 फीट एक्सप्रेस-वे और सीकर रोड क्षेत्र में लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए जयपुर आरटीओ द्वितीय क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में बदलाव किए जाएंगे। परिवहन विभाग, यातायात पुलिस, एनएचएआई और जेडीए की संयुक्त टीम इसके लिए मौके का निरीक्षण कर कार्ययोजना तैयार करेगी। ट्रैफिक कंट्रोल बोर्ड की हाल ही में हुई बैठक में भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री व्यवस्था लागू करने पर चर्चा हुई थी। तय किया गया कि पहले प्रस्तावित व्यवस्था का एक पखवाड़े तक ट्रायल किया जाएगा। सुबह 7 से 11 बजे और शाम 4 से 7 बजे तक पीक ऑवर्स में यातायात संचालन की निगरानी होगी। ट्रायल के दौरान जाम और हादसों की स्थिति का आकलन कर संयुक्त रिपोर्ट बोर्ड के समक्ष रखी जाएगी।
टोडी मोड़ से दौलतपुरा तक बदलेगी व्यवस्था : प्रस्ताव के अनुसार टोडी मोड़ से रोड नंबर-14 की ओर भारी वाहनों की नो-एंट्री रहेगी। एक्सप्रेस-वे से वीकेआई की एंट्री और एग्जिट भी प्रतिबंधित करने की योजना है। बढ़ारना कल्वर्ट से ही विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र की ओर आवागमन रखा जाएगा। वहीं टोडी मोड़ से दौलतपुरा एक्सप्रेस-वे तक सड़क चौड़ी करने के साथ रोड मीडियन और सर्विस लेन विकसित की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले वाहनों के लिए सर्विस लेन उपयोगी होगी।
सर्विस लेन पर फेंसिंग और स्पीड ब्रेकर : रोड नंबर-14 से टोडी मोड़ तक सर्विस लेन पर फेंसिंग की जाएगी। मेन रोड और सर्विस लेन के बीच फेंसिंग से वाहनों की आवाजाही नियंत्रित होगी। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय हरमाड़ा के पास सर्विस लेन में स्पीड ब्रेकर बनाया जाएगा। संकटमोचन हनुमान मंदिर से कुंडा चेक पोस्ट तक भी सर्विस लेन को बेहतर किया जाएगा। सीकर रोड पर रोड नंबर-14 के शुरुआती हिस्से में स्लिप लेन और मुख्य सड़क का मर्जर कर सड़क की क्षमता बढ़ाने की योजना है।

Comment List