प्रदेश में दिखा अर्नब तूफान का असर : बारिश लाई सर्दी, जयपुर सहित आधा दर्जन जिलों में तेज हवा के साथ हुई बारिश
पारा पांच डिग्री तक गिरा
जयपुर। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अर्नब का असर गुरुवार को राजस्थान में भी दिखाई दिया। इसके असर से जयपुर सहित करीब आधा दर्जन जिलों में बादल छाए और तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इससे तापमान में पांच डिग्री तक की गिरावट आई और सर्दी का असर बढ़ गया। चक्रवाती तूफान के चलते जयपुर के साथ ही धौलपुर, दौसा, टोंक, अलवर, कोटपूतली-बहरोड़ सहित कुछ जिलों में बारिश हुई। इससे इन जिलों में सर्दी बढ़ गई। जयपुर में शाम करीब छह बजे हल्की बारिश का दौर शुरू हुआ जो कि देर रात तक कभी हल्की तो कभी तेज बारिश के रूप में चलता रहा। देर रात तक जयपुर में आधा इंच से ज्यादा बारिश हुई। बारिश के कारण शाम को जगह-जगह पानी भरने से यातायात भी प्रभावित हुआ। जयपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री दर्ज किया गया।
आज और कल भी रहेगा असर :
मौसम विभाग केन्द्र जयपुर से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को भी प्रदेश में अर्नब तूफान का असर रहेगा। इसके असर से पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन और तेज हवा के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के पूर्वी भागों में भी बादल छाए रहने और मेघगर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 31 अक्टूबर को भी पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है।

Comment List