शहरी सेवा शिविरों में पट्टों पर रहेगा विशेष फोकस, 7 अक्टूबर से 16 नवंबर तक चलेगा अभियान
लंबित पट्टा प्रकरणों के निस्तारण पर विशेष जोर
जयपुर। राज्य सरकार की ओर से शहरी सेवा शिविर-2026 का आयोजन 7 अक्टूबर से 16 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। अभियान में आमजन को नगरीय सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के साथ पट्टे जारी करने और लंबित पट्टा प्रकरणों के निस्तारण पर विशेष जोर रहेगा। शिविरों में विभिन्न प्रकार के आवासीय एवं अन्य भूखंडों से जुड़े पट्टा प्रकरणों का निस्तारण किया जाएगा। इसके लिए आवेदकों को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने तथा ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया अपनाने की सुविधा दी जाएगी।
विभाग ने शिविरों के दौरान लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने और पात्र लोगों को राहत देने के निर्देश दिए हैं। अभियान के तहत नामांतरण, लीज संबंधी कार्य, भूखंडों से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन तथा अन्य नगरीय सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। अधिकारियों को शिविरों में आने वाले आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का लक्ष्य है कि शिविरों के माध्यम से लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिले और पात्र भूखंडधारियों को पट्टे सहित जरूरी दस्तावेज आसानी से उपलब्ध हो सकें।

Comment List