नगर सेठ गणपति पंडाल में हंगामा, आरोपी पुलिस हिरासत में, मुकदमा दर्ज
व्यापारियों ने थाने के बाहर दिया धरना, आरोपी के हिरासत में लिए जाने पर समाप्त किया प्रदर्शन
कोटा। कोतवाली थाना क्षेत्र में रामपुरा स्थित श्री नगर सेठ गणपति पंडाल में हंगामा और पिस्तौल दिखाकर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।इस घटना को लेकर व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त था। व्यापारियों ने कोतवाली थाने के बाहर धरना देकर आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की थी। आरोपी के हिरासत में लिए जाने और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र मिश्रा द्वारा समझाइश के बाद व्यापारियों ने धरना समाप्त कर दिया।
पुलिस इंस्पेक्टर देशराज सिंह ने बताया कि रविवार रात करीब 10-11 बजे सम्राट नाम का व्यक्ति अपने परिवार के साथ पंडाल में आया था और स्टेज पर चढ़ने का प्रयास कर रहा था। वहां मौजूद लोगों द्वारा विरोध करने पर हंगामा हो गया था, जिसे मौके पर मौजूद पुलिस जाब्ता और व्यापारियों ने समझा-बुझाकर शांत करा दिया था। आरोप है कि देर रात करीब 1:30 बजे वही व्यक्ति दोबारा पिस्तौल लेकर पंडाल पहुंचा और हथियार लहराते हुए हंगामा करने लगा। इस मामले में श्री गणपति सेवा समिति के अध्यक्ष विशाल साहू की रिपोर्ट पर आरोपी सम्राट के खिलाफ कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र मिश्रा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया गया है। पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।फ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।

Comment List