परिचर्चा : निगम के नए बोर्ड के इरादे नेक, लेकिन कोई वादा नहीं

कचरा प्रबंधन से लेकर पार्किंग और स्ट्रीट डॉग तक, पार्षदों ने गिनाईं शहर की प्रमुख समस्याएं

परिचर्चा : निगम के नए बोर्ड के इरादे नेक, लेकिन कोई वादा नहीं
दलगत राजनीति से ऊपर उठकर शहर की तस्वीर बदलने की जताई मंशा, अब अमल की चुनौती

कोटा। दैनिक नवज्योति कार्यालय में मासिक परिचर्चा की श्रृंखला के तहत बुधवार को कोटा के समग्र विकास की परिकल्पना(Vision for Kota’s Holistic Development) विषय पर टॉक शो का आयोजन किया गया। इस टॉक शो में नव निर्वाचित नगर निगम के बोर्ड की महापौर ,उप महापौर, भाजपा ,कांग्रेस, अनुभवी,फर्स्ट टाइमर,जेन जी युवा, महिला सहित सभी तरह के चुनिंदा पार्षदों ने हिस्सा लिया। परिचर्चा में वक्ताओं ने कहा कि कोटा के समग्र विकास का उद्देश्य एक ऐसे आधुनिक, समावेशी और सतत शहर का निर्माण करना है जहाँ शिक्षा, उद्योग, पर्यावरण, स्वास्थ्य, संस्कृति और नागरिक सुविधाओं का संतुलित विकास हो। कोटा को केवल एक शिक्षा केंद्र के रूप में नहीं, बल्कि एक ऐसा शहर बनाने की दृष्टि होनी चाहिए जहाँ युवाओं, परिवारों और स्थानीय समुदायों के लिए बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध हो। वक्ताओं ने कहा कि  शहर की बरसों से समस्या बनी सफाई व्यवस्था में सुधार के साथ ही सीवरेज व ड्रेनेज सिस्टम में भी सुधार की आवश्यकता है। देश में मध्य प्रदेश का इंदौर शहर सफाई में पिछले कई सालों से नम्बर वन बना हुआ है। परिचर्चा में सभी पार्षदों ने शहर के समग्र विकास को लेकर दलगत राजनीति से ऊपर उठकर काम करने का नेक इरादा तो जताया लेकिन किसी काम की समय सीमा और वादा नहीं किया।  प्रस्तुत हैं  परिचर्चा के अंश।

-हमारा मुकाबला इंदौर से है। हम कोटा को सफाई और विकास मेंं  आदर्श शहर बनाकर रहेंगे। -महापौर
-सफाई के लिए समझाइश के साथ सख्ती भी की जाएगी, मुख्य काम शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाना -उप महापौर
-अधिकारियों की अकाउंटेबिलिटी तय हो, स्ट्रीट डॉग प्रॉब्लम पर काम करने की जरूरत

स्मार्ट, स्वच्छ, सुंदर और समावेशी शहर बनाएंग
जनता ने महापौर के रूप में सेवा का जो मौका दिया है उस पर खरा उतरते हुए बिना किसी भेदभाव के टीम वर्क के रूप में काम करेंगे। शहर को स्मार्ट, सुंदर, स्वच्छ और समावेशी बनाने का प्रयास करेंगे। हमारा मुकाबला इंदौर से है। हम कोटा को सफाई और विकास मेंं  आदर्श शहर बनाकर रहेंगे। लोगों की सबसे बड़ी शिकायत है कि कचरा गाड़ी समय पर नहीं आती। हम जीपीएस ट्रेकिंग सिस्टम लगाएंगे। कचरे का सोर्स सेग्रिगेशन करेंगे। क्लीन स्ट्रीट और नाइट स्वीपिंग की व्यवस्था को शुरू करेंगे। कोटा को सिर्फ राजस्थान में ही नहीं वरन देश के नक्शे पर चमकाना है। शहर वासियों को जागरूक कर सफाई व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। सिंगल यूज प्लास्टिक पर जीरो टॉलरेंस शहर के बड़े नालों और सीवरेज की सफाई में आधुनिक मशीनों का उपयोग किया जाएगा। अधिकारियों को जवाबदेही तय की जाएगी। बाहर से आने वाले कोचिंग स्टूडेंट को स्वच्छ, तनाव मुक्त और हरा भरा माहौल दिया जाएगा। निगम में जनता के काम के लिए पारदर्शी व्यवस्था की जाएगी। सभी मिलकर दलगत राजनीति से ऊपर उठकर शहर को स्वच्छ, सुंदर व नम्बर 1 बनाने के लिए काम करेंगे।  
-अनुसुईया गोस्वामी, महापौर कोटा नगर निगम

कोटा को अव्वल शहर बनाया जाए
नगर निगम का मुख्य काम सफाई में सुधार करना तो है लेकिन यह केवल निगम के स्तर पर संभव नहीं है। इसमें जनता को भी सहयोग करना होगा। सफाई के साथ ही शहर में जो सीवरेज सिस्टम है वह गड़बड़ है। उसके कारण लोगों को परेशानी हो रही है। ड्रेनेज सिस्टम सही नहीं होने से गंदे नाले चम्बल में गिर रहे हैं। कॉलोनियों में घरों के बाहर खड़े वाहनों से गली जाम होने पर इमरजेंसी में एम्बूलेंस व फायर ब्रिगेड तक नहीं पहुंच पाती। अतिक्रमण के कारण ट्रैफिक में व्यवधान हो रहा है। घायल पशुओं को पशु चिकित्सालय पहुंचाने के लिए वाहन की समुचित व्यवस्था हो। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी की सभी जगह पर व्यवस्था हो। पार्कों में व्यवस्थाएं बेहतर हो। समस्याएं तो बहुत हैं लेकिन आने वाले समय में उन सभी का जनता के सहयोग से समाधान करने का प्रयास करेंगे। अब ट्रिपल इंजन की सरकार है तो प्रयास करेंगे कि कोटा को देश में अव्वल शहर बनाया जाए।
-गोपालराम मंडा, पार्षद भाजपा

Read More महापौर चुनाव के मतदान की तैयारी शुरू, निगम कार्यालय के बाहर पुलिस जाप्ता तैनात

आधुनिक, स्वच्छ और सतत शहर  की परिकल्पना पर काम करेंगे
आज के समय में शहर के सभी वार्डों में सफाई की समस्या एक जैसी है। इसके समाधान के लिए जनता का सहयोग आवश्यक है। सफाई के बाद सड़क पर कचरा नहीं डले यह प्रयास होना चाहिए।  नालियों का ड्रेनेज सिस्टम सही हो ताकि जलभराव की समस्या नहीं हो। गीला-सूखा कचरा अलग-अलग करने के साथ ही टिपर व्यवस्था सभी जगह तक पहुंचेगी तो कचरे का स्थायी समाधान हो पाएगा। आज गलियों में कार की पार्किंग भी बड़ी समस्या बन रही है।  लोग कार खरीदते हैं और उसे सड़क पर पार्क करते हैं इससे लोगों को परशानी आती है।  कई बार कार पार्किंग झगड़े का कारण बन जाती है।लोग ऐसे मामले लेकर भी आते हैं। पार्षद अकेला कुछ नहीं कर सकता। सबका साथ मिलेगा तो आधुनिक, स्वच्छ और सतत शहर  की परिकल्पना पर काम कर सकेंगे। 
-वंदना फौजदार, पार्षद निर्दलीय

Read More पुरानी रंजिश में युवक पर चाकू से हमला, बचाने आई भाभी पर भी डंडे से वार

नवाचार और सिस्टम में सुधार करेंगे
इस बोर्ड में जनता के काम जनता के हिसाब से किए जाएंगे।  सफाई के लिए समझाइश के साथ सख्ती भी की जाएगी, नगर निगम का मुख्य काम शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाना है। निगम के स्तर पर तो सफाई व्यवस्था में सुधार किया ही जाएगा लेकिन इसमें जनता को भी सहयोग करना होगा। सफाई के लिए समझाइश के साथ ही आवश्यकता हुई तो सख्ती भी की जाएगी। निगम में संसाधनों की कमी को दूर करते हुए उपलब्ध संसाधनों का सही दिशा में उपयोग किया जाएगा। सफाई व्यवस्था के सिस्टम में सुधार किया जाएगा। अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। अतिक्रमण और सीवरेज एक बड़ी समस्या है। लोगों को सकारात्मक तरीके से जागरुक करेंगे। अधिकारियों की भी अकाउटेबिलिटी तय की जाएगी जिससे लोग ों को राहत मिल सके।  नवाचार कर कुछ नय.े प्रयोग करेंगे जिससे राहत मिल सके। हालांकि पूर्व में कई नवाचार किए हैं आने वाले समय में कई और नवाचार से जनता को राहत देने का प्रयास करेंगे।
-विवेक राजवंशी, उप महापौर कोटा नगर निगम

Read More कोटड़ी में बदहाल रास्तों से किसान परेशान : खेतों तक पहुंचना मुश्किल, कीचड़ में फंस रहे ट्रैक्टर

वार्डों और बाजारों में पार्किंग की समस्या में सुधार की जरूरत
जनता ने पार्षद के रूप में जो जिम्मेदारी दी है। उसका निर्वहन ईमानदारी से करेंगे। वार्डों में सफाई के साथ ही रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होना बड़ी समस्या है। एक दिन लाइट जलती है फिर बंद हो जाती है। अधिकारी जवाब तक नहीं देते। अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। साथ ही जनता के सहयोग से वार्ड ही नहीं पूरे शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार का प्रयास किया जाएगा। वार्डों और बाजारों में जो पार्किंग की समस्या है उसमें सुधार की जरूरत है। मल्टी स्टोरी पार्किंग बनाकर इसका समाधान किया जा सकता है।
-क्रांति जैन, पार्षद भाजपा

सीवरेज व ड्रेनेज सिस्टम में सुधार की जरूरत
शहर में सीवरेज की समस्या काफी अधिक है। उस व्यवस्था में सुधार करने के साथ ही ड्रेनेज सिस्टम में भी सुधार की जरूरत है उसे इस बोर्ड में सही करने का काम किया जाएगा। श्वानों की समस्या के समाधान के लिए डॉग लवर्स की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए और सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन की पालना करते हुए श्वानशाला का निर्माण कराया जाए। गौशाला में गायों के साथ ही नंदी को भी रखने की व्यवस्था हो जिससे यह आमजन के लिए परेशानी का कारण नहीं बन सके। जनता की भावनाओं के अनुरूप काम करते हुए शहर की सफाई व्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन करवाया जाना चाहिए। 
- लव शर्मा, पार्षद भाजपा

सामुदायिक भवनों व शौचालयों  का सही हो रखरखाव
नगर निगम का मुख्य काम सफाई व्यवस्था में सुधार करना है। लेकिन कई क्षेत्रों में डेरा प्रथा अभी भी लागू है। जिसके कारण कई बार वार्डों में न तो टिपर जा पा रहे हैं और सफाई व्यवस्था में भी व्यवधान आता है। ऐसे में डेरा प्रथा व्यवस्था को या तो समाप्त किया जाए या उसमें सुधार किया जा सकता है। साथ ही सामुदायिक भवन व शौचालयों का रखरखाव भी बेहतर किए जाने की जरूरत है। देखरेख के अभाव में इनकी जिस तरह की दुर्दशा होती है उससे न तो जनता को उनका लाभ मिल पाता है और नगर निगम की छवि भी धूमिल होती है। जनता के हित में सभी मिलकर काम करेंगे तो निश्चित रूप से सुधार नजर आएगा।
-अनुराग गौतम, पार्षद कांग्रेस

अधिकारियों की अकाउंटेबिलिटी तय हो 
शहर की सफाई व्यवस्था में ग्राउंड लेवल पर काम करने की जरूरत है। साथ ही अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। निगम के रोशनी ग्रुप ता अन्य सोशल मीडिया ग्रुप पर समस्याएं तो बताई जा रही हैं लेकिन उनका समाधान हुआ या नहीं इसका जवाब नहीं मिल पाता। यदि जवाबदेही तय होगी तो सभी व्यवस्थाओं में सुधार स्वत: हो जाएगा। वहीं शहर की सबसे बड़ी समस्या ट्रैफिक की है। वीआईपी मूमेंट के समय अतिक्रमण हट सकते हैं तो इसका स्थायी समाधान होना चाहिए। स्ट्रीट डॉग के साथ बंदरों की भी समस्या का समाधान होना चाहिए।
-जोगेन्द्र बीरवाल, पार्षद, कांग्रेस

सबसे बड़ी समस्या सीवरेज
शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार की बात तो सभी करते हैं लेकिन अभी तक ऐसा हुआ नहीं है। इसके लिए सभी अपने-अपने वार्ड में सफाई रखेंगे तो शहर भी साफ हो जाएगा। शहर की सबसे बड़ी समस्या सीवरेज का समाधान होना चाहिए। रोजगार की दिशा में सकारात्मक प्रयास करते हुए यहां नए उद्योग लगाए जाने की आवश्यकता है। खेलकूद के लिए गार्डन और खेल मैदान को विकसित किया जाए। जिससे यहां से खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सके। सभी मिलकर प्रयास करेंगे तो सफाई व्यवस्था में निश्चित ही सुधार होगा।
-अर्पित जैन, पार्षद कांग्रेस

रात्रि में पुलिस की गश्त होनी चाहिए
शहर में मुख्य मार्गों के साथ ही वार्ड में जुड़े नए एरिया और बस्तियों की सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढ़े हो रहे हैं। कॉलोनियों में खुली नालियां है। उनका ढकान नहीं होने से कई तरह की परेशानी का सामना लोगों को करना पड़ रहा है। जल भराव की समस्या वार्डों में अधिक है। सफाई के साथ ही जल भराव की समस्या का भी समाधान होना चाहिए। कॉलोनियों में सुरक्षा की दृष्टि से रात्रि में पुलिस की गश्त होनी चाहिए। बारिश के समय पार्कों में पौधारोपण किया जाता हैं लेकिन सुरक्षा के अभाव में अधिकतर पौधे पनप नहीं पाते। ऐसे में उनकी सुरक्षा के लिए चौकीदार भी होना जरूरी हैं।
-सीमा चौधरी, पार्षद भाजपा

समस्या जिसे समाधान की जरूरत
-कचरा प्रबंधन: जगह जगह कचरा फैंकने से शहर की स्वच्छता प्रभावित , टिपर नहीं आने से लोग नालों में कचरा फैंकते हैं
-स्ट्रीट डॉग: शहर की बड़ी समस्या बन रहा। लोग परेशान, डॉग लवर्स को जिम्मेदारी देने की कोशिश लेकिन कानूनी अड़चनें 
-लाइट: शहर में स्ट्रीट लाइटें खराब कभी जलती हैं कभी बुझती हैं। निगम से अपेक्षा स्थाई समाधान हो। कुछ नवाचार हो 
-खुली नालिया: खुली नालियां और जल भराव से लोग परेशान लेकिन लोग ढकान नहीं कराने देते। समझाइश कर ढकान करवाने की जरूरत
-सिंगल यूज पलास्टिक: सिंगल यूज प्लास्टिक का यूज रोकेंगे, सार्वजनिक स्थानों पर गुटखा आदि नहीं थूकने की समझाइश की जरूरत
-कार पार्किंग: कार पार्किंग बड़ी समस्या उभर रहा। सड़कों, गलियों में दोनों तरफ गाड़ियां खड़ी रहने से लोग परेशान, हर कॉलोनी में पेड़ पार्किंग की व्यवस्था की जरूरत। 
- अतिक्रमण : लोगों में अतिक्रमण की प्रवृति रैंप और पौधा रोपण के पीछे अतिक्रमण की मंशा
- फूड सेफ्टी नहीं: पूड सेफ्टी का काम स्वास्थ्य विभाग के पास, स्वास्थ्य निरीक्षक नगर निगम के। दोहरा स्थिति। सेफ्टी पर काम नहीं। 

Post Comment

Comment List

Latest News

वायदा बाजार में तेजी का असर : सोना हुआ महंगा और चांदी स्थिर, जानें क्या है भाव वायदा बाजार में तेजी का असर : सोना हुआ महंगा और चांदी स्थिर, जानें क्या है भाव
वायदा बाजार में तेजी के असर से जयपुर सर्राफा बाजार में शुद्ध सोना 300 रुपए बढ़कर 1,52,700 रुपए प्रति दस...
पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में फिर बरसाए बम: हेलमंद एयरस्ट्राइक में 22 लोगों की मौत, 11 से ज्यादा घायल
राडो घड़ी के शोरूम में बड़ी चोरी : 6 करोड़ की 250 महंगी घड़ियां ले उड़े बदमाश, वारदात से पुलिस महकमे मेें हड़कंप
गंडक का रौद्र रूप: ऐतिहासिक रिकॉर्ड तोड़ 22 सेंटीमीटर ऊपर बहाव, अगले 48 घंटे भारी
ओबीसी राजनीतिक प्रतिनिधित्व आयोग का कार्यकाल बढ़ा, पढ़े पूरी खबर
नवनिर्वाचित नगर निगम बोर्ड की पहली साधारण सभा शुरू, पार्षद दे रहे परिचय
परिचर्चा : निगम के नए बोर्ड के इरादे नेक, लेकिन कोई वादा नहीं