असर खबर का : दूसरे दिन भी चिकित्सा टीम ने शंभूपुरा का किया घर-घर सर्वे
मरीजों का जांचा स्वास्थ्य, एंटी लार्वा एक्टिविटी की
कोटा। नगर निगम के वार्ड-1 शंभूपुरा में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम दूसरे दिन गुरुवार को पहुंचकर घर-घर सर्वे किया। चिकित्सा शिविर लगाकर मरीजों का स्वास्थ्य जांचा और आवश्यक दवाइयां भी वितरित की गई। नांता प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. ललित शर्मा ने बताया कि सुबह चिकित्सा टीम ने शंभुपुरा पहुंची और गंभीर त्वचा संक्रमण से पीड़ित बुजुर्ग को 108 एम्बुलेंस से बेहतर इलाज के लिए एमबीएस अस्पताल रैफर किया गया। इसके अलावा लोगों की बीपी, शुगर जांचा और टीकाकरण भी किया। साथ ही स्कूली बच्चों को मौसमी बीमारियों से बचाव की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि इलाके में 130 घरों का सर्वे किया। 265 पानी के स्त्रोतों की जांच की गई और एंटी लार्वा एक्टिीविटी की। वहीं, लोगों को जागरूक करने के लिए फेम्पलेट बांटे गए।
इलाज मिला तो लोगों को मिली राहत
शंभुपुरा में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली और चर्म संक्रमण का दंश झेलते बच्चे और बुजुर्गों की पीड़ा दैनिक नवज्योति में प्रकाशित होने के बाद से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा इलाके में मेडिकल कैम्प लगाया जा रहा है। जिसमें मरीजों के स्वास्थ्य की जांच होने और आवश्यक दवाइयां मिलने से लोगों को बीमारियों से काफी राहत मिली। ग्रामीणों ने नवज्योति का आभार व्यक्त किया। गौरतलब है कि नवज्योति ने 30 सितम्बर को शहरी सीमा में यह कैसा नर्क व 1 अक्टूबर को इलाज कराएं या दिहाड़ी बचाएं...शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। इसके बाद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया और मरीजों के बीच पहुंचा।

Comment List