असर खबर का - डिवाइडर के पौधों की शुरू हुई कटाई
हादसे के बाद जागा विभाग, आलनिया क्रॉसिंग पर वाहन चालकों को राहत
कसार। कोटा-झालावाड़ नेशनल हाईवे-52 पर आलनिया क्रॉसिंग सहित डिवाइडर के बीच लगे पौधों की बढ़ी हुई शाखाएं लंबे समय से वाहन चालकों के लिए परेशानी और हादसे का खतरा बनी हुई थीं। बरसात के बाद पौधों की शाखाएं तेजी से बढ़ने के कारण कई स्थानों पर सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं दे रहे थे। महीनों से कटाई-छंटाई नहीं होने से डिवाइडर के बीच लगी हरियाली घनी झाड़ियों का रूप ले चुकी थी। आलनिया क्रॉसिंग पर स्थिति अधिक गंभीर बनी हुई थी।
क्रॉसिंग प्वाइंट पर वाहन चालकों को सामने से आने वाले वाहनों की स्पष्ट दृश्यता नहीं मिल पा रही थी। स्थानीय लोगों की शिकायत पर दैनिक नवज्योति ने कुछ दिन पहले भी इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। लेकिन इसके बावजूद विभाग की ओर से तत्काल कार्रवाई नहीं की। इसी बीच गुरुवार को आलनिया क्रॉसिंग पर हुए हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों और वाहन चालकों में चिंता बढ़ गई। लोगों का कहना था कि डिवाइडर के बीच बढ़े पौधों और झाड़ियों के कारण किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। हादसे के बाद दैनिक नवज्योति ने एक बार फिर मामले को प्रमुखता से उठाया। खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग हरकत में आया और अगले ही दिन आलनिया क्रॉसिंग सहित डिवाइडर के बीच लगे पौधों की कटाई-छंटाई का काम शुरू कर दिया गया। पौधों की कटाई शुरू होने से अब वाहन चालकों को क्रॉसिंग पर बेहतर दृश्यता मिलने लगी है। स्थानीय ग्रामीणों ने कार्रवाई पर राहत जताते हुए कहा कि समय रहते पौधों की नियमित कटाई-छंटाई होती रहे तो ऐसे हादसों का खतरा कम किया जा सकता है। लोगों ने हाईवे विभाग से डिवाइडर के पौधों की समय-समय पर छंटाई कराने की मांग की है ताकि वाहन चालकों की सुरक्षा बनी रहे।

Comment List