भारतीयों को मारने का 2 साल से बना रहा था खूनी खेल! अमेरिकी हिंदू मंदिर क्यों था निशाने पर?
सामान्य छात्र के पीछे छिपा था खतरनाक चेहरा
वॉशिंगटन। अमेरिका के इलिनोइस में एक हिंदू मंदिर पर बड़े पैमाने पर गोलीबारी की कथित साजिश रचने के आरोप में 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। अदालत में पेश दस्तावेजों के अनुसार, संदिग्ध एलेक्जेंड्रोस पैपोराकिस 2 साल से अधिक समय से हमले की योजना बना रहा था। जांच एजेंसियों को आशंका है कि उसका निशाना ऑरोरा स्थित एक बड़ा हिंदू मंदिर था। पैपोराकिस ने पैलेटाइन के एक टाको बेल रेस्तरां में अपने सहकर्मियों से कथित तौर पर कहा था कि वह भारतीयों को मारने के लिए और इंतजार नहीं कर सकता।
पैपोराकिस ने एक सहकर्मी को संदेश भेजकर भी करीब 2 साल से हमले की योजना बनाने की बात कही थी। हाल के महीनों में वह हमले के लिए उपयुक्त जगह तलाश रहा था। यह भी सामने आया कि कॉलेज में पढ़ने और नौकरी करने वाले युवक की सामान्य छवि के पीछे कथित तौर पर भारतीयों के प्रति नफरत और सामूहिक हत्या की हिंसक कल्पनाएं छिपी थी।
पुलिस के अनुसार, संदिग्ध के नाम पर पंजीकृत लाल रंग की कार रविवार दोपहर करीब 12:25 बजे एक मंदिर की पार्किंग में पहुंची और 15 मिनट से भी कम समय में वहां से निकल गई। बाद में उसे दूसरे उपनगर में अपने घर के पास कार में अकेले देखा गया। पुलिस और एफबीआई मामले की जांच कर रही हैं। हालांकि, हमले के लिए लक्षित स्थान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अदालती दस्तावेजों के अनुसार, संदिग्ध ने अपनी सामान्य छात्र वाली छवि के पीछे हिंसक विचार और सामूहिक हत्या की कल्पनाएं छिपाने की बात कही थी।

Comment List