
गहलोत के दिल्ली दौरे के बाद सुलझ सकता है पायलट से विवाद
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के शनिवार को संभावित दिल्ली दौरे की तरफ सभी की निगाहें टिकी है।
जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के शनिवार को संभावित दिल्ली दौरे की तरफ सभी की निगाहें टिकी है। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस दौरे के बाद गहलोत और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के बीच पिछले 15 महीनों से चल रहा विवाद सुलझ सकता है। कांग्रेस आलाकमान भी अब इस प्रकरण को सुलझाने के मूड में हैं। राजस्थान के मसले पर कांग्रेस आलाकमान सोनिया गांधी और मुख्यमंत्री के बीच अभी तक कोई बैठक नहीं हुई। अब 16 अक्टूबर को उनके बीच इस मसले पर भी बैठक होने की संभावना है। गहलोत का कांगे्रस कार्यसमिति की बैठक में भाग लेने का कार्यक्रम है। राजस्थान को लेकर कोई भी फैसला करने से पहले आलाकमान प्रदेश के मुख्यमंत्री से एक-एक बिन्दु पर उनका पक्ष विस्तार से जानना चाहती है। लंबे समय से अटके मंत्रिमंडल फेरबदल, राजनीतिक नियुक्तियों और संगठन विस्तार पर हाईकमान से चर्चा हो सकती है। राजनीतिक प्रेक्षकों के अनुसार अगर आलाकमान प्रदेश के मुख्यमंत्री के पक्ष से संतुष्ट हो जाती है, तो फैसला वो ही होगा, जो गहलोत चाहेंगे। आलाकमान जल्दबाजी में ऐसा कोई फैसला नहीं लेगी, जिसकी वजह से राजस्थान में कांग्रेस को बड़ा नुकसान उठाना पड़े। गहलोत के इस दिल्ली दौरे को सरकार और संगठन में होने वाले बदलावों से जोड़ देखा जा रहा है। गहलोत की कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात होने पर इन लंबित मुद्दों को हरी झंडी मिलने के पूरे आसार हैं।
Related Posts
Post Comment
Latest News

Comment List