ये नेताजी नहीं दे पा रहे महिला सुरक्षा की गारंटी

रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र - भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशियों की जुबानी जंग

ये नेताजी नहीं दे पा रहे महिला सुरक्षा की गारंटी

महिलाओं के प्रति अत्याचार के साथ अन्य मुद्दों पर नवज्योति ने उनसे बात की ।

कोटा। देश भर में महिलाओं के प्रति अत्याचार बढ़ते जा रहे हैं। जब आधी आबादी उनके लिए मतदान करती है तो जनप्रतिनिधियों की भी जिम्मेदारी बनती है कि वह इस मुद्दे पर गंभीरता दिखाएं। ऐसे में नवज्योति ने यह जानना चाहा कि प्रत्याशी अगर जन प्रतिनिधि बनते हैं तो क्या वह अपने विधानसभा क्षेत्र की महिलाओं को सुरक्षा की गारंटी देंगे। यदि गारंटी देते हैं तो किस तरह वह महिला अत्याचार को रोकने की पहल करेंगे। नवज्योति की इस सिरीज में हाडौती से चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों से इस मुद्दे पर उनके विधानसभा क्षेत्र की महिलाओं के प्रति गारंटी मांगी जाएगी। विधानसभा आम चुनाव के लिए चुनावी रण सज चुका है। भाजपा और कांग्रेस  प्रत्याशियों ने इलाके में अपनी जाजम बिछा दी है। भाजपा ने रामगंजमंडी सीट पर दुबारा से पूर्व मंत्री व मौजूदा विधायक मदन दिलावर को फिर से चुनावी दंगल में उतारा है तो कांग्रेस ने नये चेहरे महेन्द्र राजोरिया पर अपना दांव खेला है। राजोरिया के सामने 20 साल से लगातार जीतती आई भाजपा बड़ी चुनौती है। लेकिन यहीं प्वाइंट उनका मजबूत पक्ष भी है। महिलाओं के प्रति अत्याचार के साथ अन्य मुद्दों पर नवज्योति ने उनसे बात की प्रस्तुत है उसके अंश:

गुंडों की नकेल कसेंगे ताकि महिलाएं ही नहीं सब लोग चेन से रहें : दिलावर

- महिलाओं के प्रति अपराध बढ़ते जा रहे हैं। आप चुनाव जीतते हैं तो क्या महिलाओं को गारंटी देंगे कि उनके प्रति अपराध नहीं होंगे? 
मदन दिलावर :इस मुद्दे पर पार्टी का स्टेन्ड तो है ही लेकिन हम व्यक्तिगत रूप से  महिलाओं को ही नहीं बुजर्गोंं को बच्चों को सभी को सुरक्षा प्रदान करेंगे।  

- महिलाओं को यह गारंटी देंगे कि आपके विधानसभा क्षेत्र में ऐसे अपराध नहीं होंगे

दिलावर : मैंने कहा ना रामगंजमंडी को हम अपराध और गुंडा मुक्त कर देंगे। इस स्थिति में कुछ होगा ही नहीं। हम एक को नहीं सभी को गारंटी देंगे। अपराध और गुंडा मुक्त करने में सभी की सुरक्षा की बात आ जाती है। मैं एक की बात नहीं करता सभी की कर रहा हूं। 

- आप किस तरीके से रामगंजमंडी को गुंडा मुक्त करेंगे? क्या आप खुद लड़ेंगे

दिलावर : हमारी सरकार आएगी और हम इस विषय पर गंभीरता से काम करेंगे। अपराधियों को संरक्षण पूरी तरह से रोका जाएगा। गुंडों पर नकेल कसी जाएगी। जरूरत पड़ी तो हम खुद भी ऐसे अपराधिक तत्वों के खिलाफ खड़े होने से रुकेंगे नहीं। 

- जीते तो कौन से काम करवाएंगी?

दिलावर : मैं सातवां चुनाव लड़ रहा हूं। रामगंज मंडी से दूसरी बार चुनाव लड़ रहा हूं। इस बार हमारी प्राथमिकता सभी खेतों में लिफ्ट और अन्य माध्यमों से पानी पहुंचाना है। अन्नदाता के खेतों में पानी पहुंच जाएगा तो भरपूर फसल मिलेगी। किसान को मजबूती मिलेगी। मैं जनता के बीच रहने वाला आदमी हूं।  क्षेत्र की आवश्कता को देखते हुए जो भी काम होंगे वह सभी करवाए जाएंगे। 

- अपनी जीत के प्रति कितनी आश्वस्त है?

दिलावर : बीस साल से लगातार भाजपा जीत रही है। क्षेत्र में लगातार काम करवाए हैं। लोगों को जहां मेरी जरूरत होती है मैं उनके साथ चल देता हूं। तो जीत के प्रति आश्वस्त हैं। पिछली बार से ज्यादा वोटों से जीतेंगे। मतदाता की प्राथमिकता मेरी प्राथमिकता रहेगी। 

- सामने वाले प्रत्याशी को कैसा मानते हैं?

दिलावर : चुनाव में किसी को भी कमजोर समझकर नहीं लड़ा जाता। कांग्रेस के पास कोई प्रत्याशी ही नहीं था सो इन्हें ले आए। हमने विपक्ष में रहने के बावजूद खूब काम कराए हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ी है। लेट्स सी। 

- क्या कांग्रेस प्रत्यशी के स्वयं के  भाई भाजपा में हैं?  वह आपके प्रचार में आ रहे हैं?

दिलावर : हां इनके भाई भारतीय जनता पार्टी के करोली धौलपुर से सांसद हैं। वह प्रचार में भी आ रहे हैं। 


महिला सुरक्षा के प्रति कटिबद्ध, अपराधियों को कड़ा दंड दिलवाएंगे : राजोरिया

- महिलाओं के प्रति अपराध बढ़ते जा रहे हैं। आप चुनाव जीतते हैं तो क्या महिलाओं को गारंटी देंगे कि उनके प्रति अपराध नहीं होंगे?
महेन्द्र राजोरिया : महिला सुरक्षा के प्रति हम हंड्रेड परसेंट कटिबद्ध हैं।  महिला  सुरक्षा की गारंटी  हमारी पहली प्राथमिकता है। अपराधियों को कड़ा से कड़ा दंड दिलवाने का हम काम करेंगे। नारी सुरक्षित रहेगी तभी समाज सुरक्षित रह पाएगा। 

- महिलाओं को यह गारंटी देंगे कि आपके विधानसभा क्षेत्र में ऐसे अपराध नहीं होंगे?

राजोरिया : हम ऐसे प्रयास करेंगे कि महिलाओं के प्रति यदि अपराध होता है तो आरोपी को तुरन्त सजा मिले। इसमें राजनीति नहीं करनी चाहिए। अपराध मुक्त रामगंज मंडी होना चाहिए। हम इस मुद्दे पर काम करेंगे। 

- मतलब महिला सुरक्षा की गारंटी नहीं है।
 
राजोरिया : हमारी सरकार ने कानून पास किया है। हर कार्य कानून के तहत ही किया जा सकता है। व्यक्तिगत रुप मैं कोशिश करूंगा कि इस तरह के अपराध नहीं हों। उन्हें कैसे रोका जाए। यह एक गंभीर मुद्दा है। इसे रोका ही जाना चाहिए।  

- आप किन मुद्दों पर चुनाव लड़ रहे हैं?

राजोरिया :  रामगंजमंडी में पिछले कुछ सालों से कोई काम नहीं हुआ।  यहां मूलभूत सुविधा तक नहीं है। अच्छी सड़कें, शिक्षा के साधन कुछ नहीं हैं। हमारी सरकार बन रही है। हम कड़ी से कड़ी जोडकर काम करेंगे। भाजपा ने माइन्स के लिए कुछ नहीं किया। एसोसिएशन और व्यापारी सभी परेशान हैं। 

- जीते तो कौन से काम  कराए जाएंगे?

राजोरिया :  हम जीतेंगे। फिर इस क्षेत्र का विकास करेंगे। हमारी प्राथमिकता में  लोगों को इंडस्ट्रीज मिले। पत्थर इंडस्ट्री इतनी बड़ी है।  करोडों का टैक्स देती है। लोगों को इसका लाभ मिले। ऐसे काम करवाएंगे।  

- जीत के प्रति कितने आश्वस्त है?

राजोरिया : मुझे 101 फीसदी विश्वास है कि जनता मुझे ही आशीर्वाद देकर विजयी बनाएगी। मैं लगातार क्षेत्र में रहकर काम करुंगा। 

- सामने वाले प्रत्याशी को क्या मानते हैं?

राजोरिया : भाजपा प्रत्याशी धार्मिक आधार पर लोगों को लड़वा रहे है। इनके कई वीडियो वायरल हुए हैं। इनका काम दो को लड़वा कर अपना हित साधना है।  अब इनकी छोटी सोच को देखें।  भाई को भाई से लड़वा रहे हैं। इन्हें पूरी बीजेपी में कोई नहीं मिला।  भाई अपना कर्म कर रहे हैं। मैं अपना कर्म कर रहा हूं। 

- क्या करोली धौलपुर से भाजपा सांसद मनोज राजोरिया आपके भाई हैं।  वह प्रचार में भी आ रहे हैं। 

राजोरिया: हां मनोज जी मेरे भाई हैं। वह 22 तारीख को आ रहे हैं। मैं इसी घटिया सोच की बात कर रहा हूं। क्या इन्हें पूरी भाजपा में और कोई नहीं मिला। 

Read More लायन सफारी के सफारी बस में लगी आग : 15 पर्यटकों को सुरक्षित निकाला बाहर, शॉर्ट सर्किट से लगी थी आग 

Post Comment

Comment List

Latest News

साथ आए युवक ने युवती को आनासागर झील में धकेला, जलकुंभी निकाल रहे युवक ने बचाया  साथ आए युवक ने युवती को आनासागर झील में धकेला, जलकुंभी निकाल रहे युवक ने बचाया 
शहर की आनासागर झील के रामप्रसाद घाट पर सुबह एक युवक ने अपने साथ आई युवती को झील में धक्का...
राज्यपाल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को दी जन्मदिन की बधाई, कहा- सादगी और शुचिता से जुड़े शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान तेजी से विकास की ओर आगे बढ़ रहा
‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया धमाल : कमाई हुई 350 करोड़ के पार, क्रिटिक्स और दर्शकों की पसंद बनी फिल्म 
कांग्रेस की रैली में अभद्र नारों पर राज्यसभा में हंगामा, सत्ता पक्ष ने की सोनिया-राहुल से माफी की मांग
Weather Update : दिल्ली जाने वाली 6 फ्लाइट जयपुर डायवर्ट, चार अब भी अटकी
कौन है नवीद अकरम? जिसने सिडनी में मचाया मौत का तांडव, सामने आया पाकिस्तान कनेक्शन?
एसआईआर को लेकर अखिलेश ने केंद्र सरकार पर उठाए सवाल, बोलें-चुनावी गणित होगा प्रभावित