कमजोर पासवर्ड के रास्ते आती है डिजिटल धोखाधड़ी की सूनामी
साल 2022 के सबसे कमजोर पासवर्ड हैं- 123456 और 123456789
अपने पासवर्ड को ज्यादा से ज्यादा मजबूत बनाएं। नार्डवीपीएन साइबर प्रबंधन के विशेषज्ञ कहते हैं सुनिश्चित करें कि आपका पासवर्ड कमजोर पासवर्डों की सूची का हिस्सा नहीं है। अगर आपका पासवर्ड मजबूत है तो आपके लिए साइबर अपराधों से बचने के चांस 90 फीसदी से ज्यादा हैं। इस छोटे से काम की बदौलत आप हर तरह के साइबर अपराधों से बचे रहेंगे। साल 2022 में नार्डवीपीएन ने 200 से ज्यादा ऐसे आम पासवर्डों की सूची जारी की थी, जो पिछले 20 सालों में सबसे ज्यादा बार धोखाधड़ी का शिकार हुए है और हैरानी की बात यह है कि ये कमजोर पासवर्ड ज्यादातर लोगों की चाहत बने हुए हैं। साइबर एक्सपर्ट कहते हैं कि साइबर अपराधों की शुरूआत से आजतक दुनिया में कम से कम दो खरब डॉलर से ज्यादा की रकम साइबर अपराधियों द्वारा लूटी जा चुकी है। यह रकम साइबर अपराधों की के शुरूआत से लेकर आजतक है। इस लूट में 50 फीसदी से ज्यादा बार कारण यही कमजोर पासवर्ड रहे हैं।
बचत के लिए क्या करें
दुनिया में साइबर अपराध पर सबसे ज्यादा नजर रखने वाला डिजिटल संस्थान नार्डपास लोगों को सुझाव देता है कि कम से कम 12 अंकों का अपना जटिल पासवर्ड चुनें, जिसमें कई जटिल खासियतें हों। संख्याएं, ऊपरी और निचले क्रम में हों। इन पासवर्ड में अक्षरों, प्रतीकों और संख्याओं का एक जटिल सेट हो। जब तक हम अपना पासवर्ड बनाने में इस तरह की समझदारी नहीं दिखाएंगे,तब तक डिजिटल धोखाधड़ी या साइबर अपराधों से कभी नहीं बच पाएंगे। क्योंकि अगर हम सोशल मीडिया के उपभोगकर्ता हैं तो हमारी तमाम डिजिटल सुरक्षा इन्हीं अपने द्वारा बनाये गये पासवर्डों पर ही टिकी है।

Comment List