शरद पवार को अस्पताल से मिली छुट्टी, जानें किस बीमारी के कारण हुए थे भर्ती
स्वास्थ्य में काफी सुधार हुआ
पुणे। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार को दो दिनों के इलाज के बाद बुधवार को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक से छुट्टी दे दी गई। अस्पताल से छुट्टी होने के बाद वह अपने गृह नगर बारामती जाने के बजाय सीधे अपने मुंबई स्थित आवास 'सिल्वर ओक' के लिए रवाना हो गए। अस्पताल से वापसी के दौरान उनके साथ उनकी पुत्री एवं सांसद सुप्रिया सुले तथा पत्नी प्रतिभा पवार मौजूद थीं। चिकित्सा सूत्रों के अनुसार, पवार के स्वास्थ्य में काफी सुधार हुआ है और अब उनकी हालत पूरी तरह स्थिर है। डॉक्टरों ने इलाज के बाद उन्हें पर्याप्त आराम करने की सलाह दी है।
उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले खांसी और थकान की शिकायत के बाद उन्हें रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने तुरंत उनका इलाज शुरू किया और आवश्यक स्वास्थ्य जांचें कीं। अस्वस्थ होने के कारण उन्हें अपना सूखा प्रभावित क्षेत्रों का प्रस्तावित दौरा और अन्य सभी निर्धारित कार्यक्रम रद्द करने पड़े थे। दो दिनों के गहन इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को स्थिर पाया और बुधवार को उन्हें घर भेजने का फैसला लिया। पवार व्हीलचेयर पर अस्पताल से बाहर आए और बाहर एकत्र पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों का हाथ उठाकर अभिवादन स्वीकार किया।
अस्पताल से निकलने से पहले सांसद सुप्रिया सुले ने अपने पिता के बेहतर इलाज और देखभाल के लिए डॉक्टरों तथा संपूर्ण मेडिकल स्टाफ का हाथ जोड़कर आभार व्यक्त किया। डॉक्टरों ने पवार को पूरी तरह स्वस्थ होने तक विश्राम करने और ज्यादा मेहनत से बचने की सलाह दी है।

Comment List