इंडियन फुटबॉल लीग : घरेलू मैदान पर राजस्थान यूनाइटेड को झटका, श्रीनिधि डेक्कन ने 1-0 से हराया
टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी
जयपुर। राजस्थान यूनाइटेड एफसी को इंडियन फुटबॉल लीग (आईएफएल) 2026-27 के अपने पहले घरेलू मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। विद्याधर नगर स्टेडियम में रविवार को खेले गए मैच में श्रीनिधि डेक्कन एफसी ने राजस्थान यूनाइटेड को 1-0 से शिकस्त दी। घरेलू दर्शकों के समर्थन के बीच राजस्थान यूनाइटेड ने बराबरी के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी। मैच में राजस्थान यूनाइटेड के खिलाड़ियों ने शुरूआत से ही संघर्षपूर्ण खेल दिखाया।
टीम ने कई मौकों पर विपक्षी टीम पर दबाव बनाने की कोशिश की और गोल उतारने के लिए लगातार प्रयास किए। हालांकि, श्रीनिधि डेक्कन ने अपनी बढ़त को बरकरार रखते हुए राजस्थान यूनाइटेड को बराबरी का मौका नहीं दिया। इससे पूर्व राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी मुख्य ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक रामप्रसाद, जयपुर नगर निगम के महापौर सुनील कोठारी, क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल सैनी, राजस्थान यूनाइटेड एफसी के चेयरमैन केके टाक, निदेशक रोशनी टाक भी मौजूद रहे।

Comment List