त्योहारी सीजन से पहले आम आदमी की जेब पर भार: रसोई गैस सिलेंडर हुआ महंगा, जानें आपके शहर में क्या है नया भाव?
दिल्ली में ₹62.50 महंगा हुआ 19 किलो वाला सिलेंडर
नई दिल्ली। तेल विपणन कंपनियों ने गुरुवार से वाणिज्यिक रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं, हालांकि घरेलू सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में रेस्त्रां, होटल आदि में इस्तेमाल होने वाला 19 किलोग्राम वाला एलपीजी सिलेंडर आज से 2,810 रुपये का हो गया है। सितंबर में इसकी कीमत 2,747.50 रुपये थी। इस प्रकार यहां 62.50 रुपये की वृद्धि की गयी है।
मुंबई में वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर 63.50 रुपये महंगा होकर अब 2,764.50 रुपये का हो गया है। चेन्नई में अब यह 66.50 रुपये बढ़कर 2,983 रुपये और कोलकाता में 70 रुपये बढ़कर 2,954 रुपये का हो गया है। इसी प्रकार दूसरे शहरों में भी परिवहन लागत आदि के हिसाब से कीमतों में लगभग इसी अनुपात में वृद्धि हुई है।
यह लगातार दूसरा महीना है, जब वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़े हैं। इससे पहले, सितंबर में दिल्ली में 9.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। घरेलू रसोई गैस की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में इसकी कीमत 942 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये पर स्थिर है।

Comment List