जामनगर मे बनाएंगे क्लाउड रीजन : एआई के लिए रिलायंस की गूगल क्लाउड के साथ साझेदारी, इंटर-मेट्रो फाइबर कनेक्टिविटी देगा
देश की टेक्नोलॉजी यात्रा में जुड़ेगा नया अध्याय
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लिए गूगल क्लाउड के साथ रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की
मुंबई। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लिए गूगल क्लाउड के साथ रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की। रिलायंस के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने स्पष्ट किया कि यह साझेदारी भारत को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में लंबी छलांग लगाने में मदद करेगा। गुजरात के जामनगर में रिलायंस और गूगल क्लाउड मिलकर एक अत्याधुनिक, एआई-केंद्रित क्लाउड रीजन बनाएंगे। यह नया प्रोजेक्ट पूरी तरह से हरित ऊर्जा से चलेगा। जामनगर को मुंबई और दिल्ली जैसे प्रमुख महानगरों से जोड़ने के लिए रिलायंस जियो उच्च क्षमता वाली इंट्रा-और इंटर-मेट्रो फाइबर कनेक्टिविटी देगा।
देश की टेक्नोलॉजी यात्रा में जुड़ेगा नया अध्याय
अंबानी ने कहा कि गूगल क्लाउड के साथ यह साझेदारी देश की टेक्नोलॉजी यात्रा में एक नया अध्याय जोड़ेगी। रिलायंस के बुनियादी ढांचे, रिन्यूएबल एनर्जी और राष्ट्रव्यापी नेटवर्क के सहयोग से गूगल क्लाउड की एआई क्षमताओं को जामनगर में लाकर देश के एआई में वैश्विक नेतृत्वकर्ता बनने की नींव पड़ रही है। गूगल और उसकी प्रवर्तक कंपनी अल्फाबेट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुंदर पिचाई ने कहा कि हम लंबे समय से भारत के डिजिटल भविष्य में निवेश कर रहे हैं और रिलायंस तथा जियो के साथ हमारी साझेदारी इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
रिलायंस मेटा के साथ बनाएगी संयुक्त उपक्रम
रिलायंस इंडस्ट्रीज और व्हाट््सऐप, फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की स्वामित्व वाली अमेरिकी कंपनी मेटा मिलकर भारत और दुनिया के चुनिंदा बाजारों में उद्यमों के लिए ‘एंटरप्राइज़ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ समाधान तैयार करेगी। दोनों कंपनियों ने इसके लिए एक संयुक्त उद्यम बनाने की घोषणा की है जिसमें रिलायंस की हिस्सेदारी 70 प्रतिशत और मेटा की 30 प्रतिशत होगी। कुल शुरुआती निवेश 855 करोड़ रुपए (करीब 10 करोड़ डॉलर) का होगा। नियामकीय मंजूरियों के बाद संयुक्त उपक्रम के गठन की प्रक्रिया 2025 की चौथी तिमाही में पूरा होने की उम्मीद है। सयुंक्त उद्यम का उद्देश्य मेटा के ओपन सोर्स लामा मॉडल को आरआईएल की डिजिटल रीढ़ से जोड़ कर भारतीय उद्यमों और छोटे तथा मध्यम व्यवसायों (एसएमबी) के लिए किफायती मूल्य पर एंटरप्राइज़-ग्रेड एआई सेवा देने की है। इन सेवाओं में बिक्री एवं विपणन, सूचना प्रौद्योगिकी विकास और संचालन, ग्राहक सेवा, वित्त तथा अन्य सेवाएं शामिल हैं। लामा की लागत काफी कम होगी।

Comment List