स्थानीय चुनावों में इंडिया गठबंधन और एमवीए की जरुरत नहीं, राउत ने कहा- शिवसेना और मनसे के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की बढ़ रही है मांग
अगर मुंबई को बचाना है, तो उद्धव और राज को नगर निगम चुनाव साथ मिलकर लड़ना होगा
संजय राउत ने कहा कि आगामी निकाय चुनावों में इंडिया गठबंधन और महा विकास अघाड़ी (एमवीए) जैसे गठबंधन की आवश्यकता नहीं है।
मुंबई। शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकर (शिवसेना-यूबीटी) नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने कहा कि आगामी निकाय चुनावों में इंडिया गठबंधन और महा विकास अघाड़ी (एमवीए) जैसे गठबंधन की आवश्यकता नहीं है तथा इन चुनावों में स्थानीय मुद्दों के प्रमुखता देते हुए इसका फैसला स्थानीय नेतृत्व पर छोड़ दिए जाना चाहिए। राउत ने बहुप्रतीक्षित मुंबई नगर निगम (बीएमसी) चुनावों के संदर्भ में कहा कि शिवसेना और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की जनता की मांग बढ़ रही है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि हाल ही में हुई मराठी विजय रैली के दौरान यह भावना स्पष्ट परिलक्षित हुई है।
राजनीतिक गठबंधन को लेकर मौजूदा अस्पष्टता पर उन्होंने कहा कि अगर मुंबई को बचाना है, तो उद्धव और राज को नगर निगम चुनाव साथ मिलकर लड़ना होगा। यही लोगों की भावना है और वे इस मांग को जोरदार तरीके से उठा रहे हैं। गठबंधन के बारे में कुछ कहने पर राज ठाकरे की पाबंदियों के बारे में उन्होंने कहा कि हर किसी की अपनी कार्यशैली होती है। ये पाबंदियाँ उनके नेतृत्व के तरीके का हिस्सा हो सकती हैं। हम खुलकर बोलना पसंद करते हैं, हो सकता है कि उनका तरीका ऐसा न हो, लेकिन जल्द ही चीजें स्पष्ट हो जाएंगी।

Comment List