उत्तरी आयरलैंड में नस्लीय हिंसा : विरोध में सड़कों पर उतरे हजारों लोग, एकजुट होकर निकाली शांति रैली
यूनाइटेड अगेंस्ट रेसिज्म समूह ने किया रैली का नेतृत्व
बेलफास्ट। उत्तरी आयरलैंड की राजधानी बेलफास्ट में इस सप्ताह हुई भीषण नस्लीय हिंसा और तोडफ़ोड़ के विरोध में हजारों लोगों ने एकजुट होकर एक विशाल शांति रैली निकाली। रिपोर्ट के अनुसार,'टुगेदर अगेंस्ट हेट नाम से आयोजित इस मुख्य रैली की शुरुआत बेलफास्ट सिटी हॉल से शनिवार दोपहर लगभग एक बजे हुई। इसका नेतृत्व यूनाइटेड अगेंस्ट रेसिज्म समूह ने किया, जिसमें विभिन्न राजनीतिक दलों, श्रमिक संगठनों, प्रवासियों और स्थानीय नागरिकों ने भारी संख्या में हिस्सा लिया। इसके अलावा, लंदनडेरी शहर के गिल्डहॉल में भी इसी तरह की एक अन्य नस्लवाद-विरोधी रैली का आयोजन किया गया।
इस अशांति की शुरुआत गत सोमवार रात उत्तरी बेलफास्ट में हुए एक चाकूबाजी के हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किए जाने के बाद हुई थी। उस हमले में स्टीफन ओजिलवी नामक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। हमले के आरोपी सूडान के रहने वाले हादी अलोदिद को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया है और उस पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। इस घटना के बाद शहर के कई हिस्सों में प्रवासियों के खिलाफ हिंसा भड़क उठी, जिसमें नकाबपोश उपद्रवियों ने प्रवासियों के घरों, दुकानों और वाहनों को निशाना बनाया। इस हिंसा के कारण कई दिनों तक स्कूल-बाजार समय से पहले बंद करने पड़े और सार्वजनिक परिवहन सेवाएं भी निलंबित रहीं। पुलिस ने अब तक ङ्क्षहसा के मामले में 23 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से 17 के खिलाफ अदालत में आरोप तय किए जा चुके हैं।
बेलफास्ट सिटी हॉल के पास शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के लिए उमड़ी भीड़ को संभालने के लिए पुलिस को कई रास्ते बंद करने पड़े। रैली में शामिल लोगों ने'नस्लवाद के खिलाफ एकजुट हों', शरणार्थियों का स्वागत है और दंगे बेलफास्ट की पहचान नहीं हैं लिखे बैनर और तख्तियां थामी हुई थीं। लोगों ने नारे लगाये कि'शरणार्थियों का यहाँ स्वागत है, हम ही बेलफास्ट हैं। यूनाइटेड अगेंस्ट रेसिज्म की अध्यक्ष इवांका अंतोवा और अन्य वक्ताओं ने इस बात पर गहरा दुख व्यक्त किया कि कैसे अमीर और शक्तिशाली लोगों ने अपने ऑनलाइन मंचों का इस्तेमाल कर नफरत फैलाई, जिसके कारण छोटे बच्चों और परिवारों को डर के मारे अपने घरों से भागना पड़ा। वक्ताओं ने संकट के समय प्रवासियों को सुरक्षित निकालने, भोजन देने और डरे हुए समुदायों को ढाढस बंधाने वाले स्थानीय स्वयंसेवकों की सराहना की।
रैली को संबोधित करते हुए आयरिश कांग्रेस ऑफ ट्रेड यूनियंस की कार्मेल गेट्स ने स्वास्थ्य कर्मियों, अग्निशामकों, बस चालकों और शिक्षकों की सराहना की, जिन्होंने हिंसा के बाद बिगड़े हालातों को संभाला। उन्होंने धुर दक्षिणपंथियों को चेतावनी देते हुए कहा कि हमारे समुदाय में विभाजन और नस्लवाद के लिए कोई जगह नहीं है।

Comment List