तपता राजस्थान, दबाव में बिजली तंत्र

चुनौती से अवसर की ओर

तपता राजस्थान, दबाव में बिजली तंत्र
राजस्थान की पहचान लंबे समय तक उसकी तपती गर्मी, विस्तृत मरुस्थल और कठोर जलवायु से जुड़ी रही है, लेकिन बदलते समय के साथ यही परिस्थितियां अब एक नई संभावना का आधार बनती दिखाई दे रही हैं।

राजस्थान की पहचान लंबे समय तक उसकी तपती गर्मी, विस्तृत मरुस्थल और कठोर जलवायु से जुड़ी रही है, लेकिन बदलते समय के साथ यही परिस्थितियां अब एक नई संभावना का आधार बनती दिखाई दे रही हैं। अप्रैल के अंतिम सप्ताह से ही जब तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने लगता है, तो यह केवल मौसम का संकेत नहीं होता। यह उस व्यापक दबाव का पूर्वाभास होता है, जो आने वाले दिनों में राज्य की बिजली व्यवस्था पर पड़ने वाला है। हर वर्ष की तरह इस बार भी बढ़ती गर्मी के साथ बिजली की मांग तेजी से बढ़ रही है, और इसके साथ ही उजागर हो रही हैं उत्पादन, प्रसारण और वितरण तंत्र की वास्तविक सीमाएं।

उपकरणों की बढ़ती उपलब्धता :

गर्मी के महीनों में बिजली की मांग का उछाल स्वाभाविक है। घरों में एयर कंडीशनर, कूलर और पंखों का उपयोग लगातार बढ़ता है। शहरी क्षेत्रों में यह मांग कई गुना तक पहुंच जाती है, जबकि ग्रामीण इलाकों में भी जीवनशैली में बदलाव और उपकरणों की बढ़ती उपलब्धता के कारण खपत तेजी से बढ़ी है। इसके साथ ही उद्योगों और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों की ऊर्जा आवश्यकताएं भी इस मांग को और ऊपर ले जाती हैं। परिणामस्वरूप, बिजली की कुल मांग कई बार उपलब्ध आपूर्ति से आगे निकल जाती है, और यहीं से शुरू होता है कटौती, ट्रिपिंग और वोल्टेज अस्थिरता का चक्र। इस संकट को केवल एक तात्कालिक समस्या के रूप में देखना पर्याप्त नहीं होगा। यह दरअसल एक संरचनात्मक चुनौती है, जो वषोंर् से विकसित हो रही है। बिजली की खपत जिस गति से बढ़ी है, उस अनुपात में उत्पादन, प्रसारण और वितरण तंत्र का विस्तार और आधुनिकीकरण नहीं हो पाया है। यही कारण है कि हर साल गर्मी के आते ही यह असंतुलन स्पष्ट रूप से सामने आ जाता है।

क्षमता बढ़ी, पर मांग उससे आगे :

Read More संतुलन ही सभ्यता की असली कुंजी है

राजस्थान में बिजली उत्पादन का आधार पारंपरिक रूप से तापीय संयंत्रों पर रहा हैए जो मुख्यत: कोयले पर निर्भर हैं। पिछले वषोंर् में उत्पादन क्षमता में वृद्धि हुई है, लेकिन यह वृद्धि बढ़ती मांग के अनुपात में पर्याप्त नहीं है। कोयले की आपूर्ति, परिवहन और पर्यावरणीय प्रतिबंध जैसे कारक तापीय संयंत्रों की कार्यक्षमता को सीमित करते हैं। कई बार कोयले की कमी के कारण उत्पादन प्रभावित होता है, जिससे आपूर्ति पर सीधा असर पड़ता है। गैस आधारित संयंत्र भी एक विकल्प हैं, लेकिन उनकी उच्च लागत उन्हें व्यापक स्तर पर व्यवहारिक नहीं बनने देती। ऐसे में राज्य को कई बार अन्य राज्यों से बिजली खरीदनी पड़ती है, जो न केवल महंगी होती है, बल्कि हर समय उपलब्ध भी नहीं रहती। यह स्थिति बिजली क्षेत्र में वित्तीय दबाव को भी बढ़ाती है।

Read More राज काज में क्या है खास, जानें

पारंपरिक स्रोतों का विकल्प नहीं :

Read More राजस्थान में बढ़ेगी गर्मी की तपिश : 11 जून से फिर बदलेगा मौसम; जयपुर समेत कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

विशाल सोलर पार्क, निजी निवेश और नीति-स्तर पर प्रोत्साहन ने राजस्थान को देश के अग्रणी रिन्यूएबल ऊर्जा केंद्रों में शामिल कर दिया है। थार के विस्तृत क्षेत्र, जहां कभी केवल रेत और तपिश दिखाई देती थी, आज ऊर्जा उत्पादन के नए केंद्र बनते जा रहे हैं।

फिर भी, यह स्वीकार करना आवश्यक है कि रिन्यूएबल ऊर्जा अभी पूरी तरह पारंपरिक स्रोतों का विकल्प नहीं बन पाई है। सौर ऊर्जा दिन के समय प्रचुर मात्रा में उपलब्ध होती है, लेकिन रात के समय इसकी अनुपस्थिति एक बड़ी चुनौती है। पवन ऊर्जा भी मौसम पर निर्भर करती है। ऐसे में इन स्रोतों को प्रभावी बनाने के लिए ऊर्जा भंडारण और बेहतर ग्रिड प्रबंधन अनिवार्य हो जाते हैं। इसी दिशा में बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम जैसे प्रयास महत्वपूर्ण हैं।

विस्तार के बावजूद दबाव :

उत्पादन के बाद बिजली को वितरण तंत्र तक पहुंचाने का कार्य प्रसारण प्रणाली करती है। राजस्थान में ट्रांसमिशन नेटवर्क का विस्तार हुआ है, लेकिन बढ़ती मांग के साथ इस पर भी दबाव बढ़ रहा है। उच्च वोल्टेज लाइनों पर ओवरलोडिंग, सब-स्टेशनों पर बढ़ता लोड और मौसम संबंधी कारकों जैसे आंधी, धूल और अत्यधिक तापमान के कारण ट्रिपिंग और फॉल्ट की घटनाएं बढ़ जाती हैं। स्मार्ट ग्रिड, रियल-टाइम मॉनिटरिंग और ऑटोमेटेड फॉल्ट डिटेक्शन जैसी तकनीकों का व्यापक उपयोग अब विकल्प नहीं, बल्कि आवश्यकता बन चुका है।

अंतिम कड़ी, सबसे ज्यादा प्रभावित :

बिजली आपूर्ति की अंतिम कड़ी वितरण वही स्तर है, जहां उपभोक्ता सीधे प्रभावित होता है। ग्रामीण क्षेत्रों में सीमित इंफ्रास्ट्रक्चर, पुराने ट्रांसफॉर्मर और जर्जर लाइनें इस तंत्र को कमजोर बनाती हैं। शहरी क्षेत्रों में भी अनियोजित विस्तार और बढ़ती आबादी के कारण ओवरलोडिंग की समस्या सामने आती है। ट्रांसफॉर्मर का बार-बार जलना, वोल्टेज का उतार-चढ़ाव और लंबे समय तक बिजली कटौती ये सभी वितरण तंत्र की सीमाओं को उजागर करते हैं। इसके अलावा, तकनीकी और वाणिज्यिक नुकसान भी एक बड़ी चुनौती हैं, जो उपलब्ध बिजली को और कम कर देते हैं। मेंटेनेंस की कमी इस स्थिति को और गंभीर बना देती है।

संकट से समाधान की ओर :

बिजली संकट का स्थायी समाधान केवल उत्पादन बढ़ाने में नहींए बल्कि बेहतर प्रबंधन और नीति निर्माण में भी निहित है। स्मार्ट लोड मैनेजमेंट विशेषकर पीक ऑवर्स के दौरान स्थिति को संतुलित करने का एक प्रभावी तरीका है। उद्योगों को वैकल्पिक समय पर संचालन के लिए प्रोत्साहित करना और योजनाबद्ध लोड शेडिंग लागू करना अनियोजित कटौती की तुलना में अधिक व्यावहारिक समाधान है।

चुनौती से अवसर की ओर :

राजस्थान के लिए रिन्यूएबल ऊर्जा केवल एक विकल्प नहींए बल्कि एक रणनीतिक अवसर है। इसी संदर्भ में पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना जैसी पहलें भी महत्वपूर्ण हैं, जो उपभोक्ताओं को अपनी बिजली जरूरत का एक हिस्सा स्वयं पूरा करने का अवसर देती हैं।

छोटी आदतें, बड़ा असर :

बिजली संकट के समाधान में उपभोक्ता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। अनावश्यक बिजली उपयोग, ऊर्जा-अक्षम उपकरणों का प्रयोग और पीक टाइम में अत्यधिक खपत सिस्टम पर अतिरिक्त दबाव डालते हैं। यदि उपभोक्ता स्तर पर जागरूकता बढ़े और ऊर्जा बचत के सरल उपाय अपनाए जाएं, तो इसका प्रभाव व्यापक हो सकता है। इसके लिए उत्पादन, प्रसारण और वितरण तीनों स्तरों पर सुधार आवश्यक है, साथ ही रिन्यूएबल ऊर्जा के अवसरों का संतुलित उपयोग भी जरूरी है।

- गोपेश शर्मा

(यह लेखक के अपने विचार हैं)

Post Comment

Comment List

Latest News

जयपुर स्थित गोगाजी महाराज मंदिर में सजी आम मनोरथ झांकी जयपुर स्थित गोगाजी महाराज मंदिर में सजी आम मनोरथ झांकी
जयपुर के घाटगेट स्थित भगवान गोगाजी महाराज एवं गोरखनाथ जी मंदिर में विशेष आम मनोरथ का आयोजन किया गया। अधिक...
अमेरिकी सेना का ईरान पर हमला : वायु रक्षा और रडार प्रणाली को बनाया निशाना, अपाचे हेलीकॉप्टर को गिराने के जवाब में कार्रवाई
दो नाबालिग बहनों से दुष्कर्म : आरोपी को 20 साल कैद, 1.65 लाख का जुर्माना
विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच हरे निशान में खुला बाजार, इन कंपनियों पर रखें नज़र
जोजिला सुरंग का काम पूरा : कश्मीर-लद्दाख पहली बार सुरंग से जुड़े, 15 मिनट में पूरा होगा 3.5 घंटे का सफर
अवैध निर्माणों पर दूसरे दिन भी चला जेडीए का बुलडोजर, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
खोहनागोरियान फैक्ट्री अग्निकांड : आग के बाद दर्दनाक मंजर, बेटे की तलाश में बिलखती रही मां