क्या उभर रही है एक नई कांग्रेस?
भारत जोड़ो यात्रा कांग्रेस से भारत को जोड़ो यात्रा साबित हो रही है
यह परिवर्तन किसी एक दिन का नहीं। एक लंबी प्रक्रिया का परिणाम है। जब राहुल गांधी को कांग्रेस लगातार हार के बाद यह समझ आ गया कि जनता को अभी भी कांग्रेस से आस है, लेकिन कांग्रेसी हताश हैं तो उन्होंने पद और प्रतिष्ठा से दूर रहते हुए जनता के बीच जाने की नई योजना बनाई।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान से निकल चुकी है, लेकिन इस यात्रा के साथ ही राहुल गांधी एक नई कांग्रेस बनाने का संकेत देने में सफल रहे हैं। यह पूरी यात्रा कांग्रेस की प्रचलित छवि से एकदम अलग रूप में पेश की गई है। इस यात्रा में सबसे पहले कांग्रेस के सुविधाभोगी और सेल्फी पसंद लोगों को दूर रखा गया है। बुधवार को तो एक कांग्रेसी को राहुल गांधी ने सख्ती के साथ सेल्फी लेने से रोका। इस यात्रा में राहुल गांधी के पास सफेद झक कलफ लगे कुर्ते वाले कांग्रेसी भी कम ही नजर आए। सुबह चार बजे उठकर तेज-तेज कदमों से राहुल गांधी के साथ चलने की फिराक में कईं कांग्रेसी हांफते नजर आए। जिस कंटेनर में विश्राम की व्यवस्था की गई वह भी सुविधाओं से दूर सिर्फ जरूरत जितना। यही नहीं, राहुल गांधी का ड्रेस-कोड भी बदल दिया गया। कुर्ते की जगह टी-शर्ट और बढ़ती हुई दाढ़ी से लापरवाह राहुल गांधी साथ चलने वाले हर व्यक्ति के साथ सहज दिखे।
यह परिवर्तन किसी एक दिन का नहीं। एक लंबी प्रक्रिया का परिणाम है। जब राहुल गांधी को कांग्रेस लगातार हार के बाद यह समझ आ गया कि जनता को अभी भी कांग्रेस से आस है, लेकिन कांग्रेसी हताश हैं तो उन्होंने पद और प्रतिष्ठा से दूर रहते हुए जनता के बीच जाने की नई योजना बनाई। उन्होंने साफ कहा कि गैर- गांधी को मुखिया बनाया जाए ताकि गांधी जनता के बीच जा सके। दरअसल, यह पुरानी कांग्रेस की बजाए कांग्रेस के लिए नई जमीन बनाने की जिद थी। उन्होंने कांग्रेस के नेताओं को साथ तो रखा, लेकिन एक समानांतर कांग्रेस भी बनाई, महत्वाकांक्षा और चापलूसी से दूर सिर्फ लक्ष्य के लिए सजग रही। राहुल गांधी न सिर्फ बेवजह के बयानों से दूर रहे बल्कि सामान्य कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए भी नजर आए। इन सभी के बीच नजर आई एक नई कांग्रेस बनाने की कवायद। कांग्रेस की प्रचलित अवधारणाओं से परे नई संभावनाओं वाली कांग्रेस को बनाने की इस प्रक्रिया में उन्होंने किसी को काटा नहीं बल्कि बतर्ज भारत जोड़ो यात्रा नए और संभावनाशील लोगों को साथ जोड़ा। सभी को सुना और फिर अपनी तरफ से भी कुछ न कुछ जोड़ा।
दरअसल, राहुल गांधी की यह भारत जोड़ो यात्रा कांग्रेस से भारत को जोड़ो यात्रा साबित हो रही है, जिसमें एक नई कांग्रेस के उभरने की संभावना है। निसंदेह राहुल गांधी ने इसके लिए खुद को काफी परिपक्व बनाया है। इसके चलते जनता का परसेप्सन भी बदला है और ऐसा माना जाने लगा है कि आने वाले चुनावों में कांग्रेस को इस यात्रा के सकारात्मक परिणाम मिलेंगे। इस यात्रा के प्रभाव को कायम रखा गया तो सबसे पहले राजस्थान में सकारात्मक परिणाम मिलेंगे, यह यात्रा राजस्थान से निकलते हुए कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर चुकी है। इससे पहले जो कांग्रेस अंतर्कलह के कारण आगामी चुनावों में हार के लिए तैयार पार्टी के रूप में पहचान बना चुकी थी, उसे मुकाबले में माना जाने लगा है। इस यात्रा से पहले यहां तक कहा जाने लगा था कि इस बार कांग्रेस के पास तीस सीटें भी नहीं बचेंगी। यहां तक कि इस तरह की भविष्यवाणियां की जाने लगी थीं कि अगर आज चुनाव हो जाए तो कांग्रेस चारों खाने चित हो जाए, उसी कांग्रेस के लिए यह कहा जा रहा है कि अगर अशोक गहलोत और सचिन पायलट के विवाद पर कोई सम्मानजनक रास्ता निकल आए तो राजस्थान में कांग्रेस रिपीट करने का सपना भी साकार कर सकती है।
यह किसी से भी छिपा नहीं है कि राजस्थान के गांवों में कांग्रेस की जड़ें काफी गहरी हैं। वहां आज भी कांग्रेस का परंपरागत वोट है, लेकिन यह वोटर कुछ समय से मौन हो चुका था। लगातार कांग्रेस के साथ रहा वोटर भले ही भाजपा के साथ नहीं हुआ, लेकिन उसे यह जरूर लगने लगा था कि अब कांग्रेस को वोट देने में कोई फायदा नहीं है। उन लोगों को राहुल गांधी आशा की किरण की तरह नजर आ रहे हैं।
यह माहौल बना रहा तो संभव है कि आने वाले चुनावों में कांग्रेस के प्रति लोगों को रुझान फिर से बनने लगे। हालांकि ऐसा करने के लिए अब राजस्थान कांग्रेस के नेताओं को अपने स्तर पर प्रयास करने होंगे, लेकिन इस बात में कोई दोराय नहीं है कि राहुल गांधी ने राजस्थान कांग्रेस को संजीवनी दे दी है। हालांकि, यात्रा अभी जारी है। यह कहा जा सकता है कि यात्रा के समापन तक राहुल गांधी के साथ एक ऐसी टीम होगी, जो कांग्रेस के लिए प्रचलित धारणाओं से अलग ही नहीं बल्कि आगे की होगी। यही टीम आने वाले लोकसभा चुनाव में निर्णायक भूमिका अदा करेगी।
- हरीश बी. शर्मा
(ये लेखक के अपने विचार हैं)
Comment List